मुंबई में सजेगा TIME100 Next India गाला, नए भारत के 100 लीडर्स होंगे सम्मानित
- Post By Admin on Apr 24 2026
मुंबई : वैश्विक मीडिया ब्रांड TIME ने भारत में पहली बार ‘TIME100 Next India’ लॉन्च करने की घोषणा की है। यह पहल Reliance Industries के सहयोग से आयोजित की जाएगी, जिसके तहत भारत और भारतीय मूल के 100 उभरते लीडर्स को चुना जाएगा, जो देश के भविष्य को दिशा दे रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण घोषणा का ऐलान न्यूयॉर्क में आयोजित TIME100 Gala के दौरान TIME की मुख्य कार्यकारी अधिकारी Jessica Sibley और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं चेयरपर्सन Nita Ambani ने संयुक्त रूप से किया।
‘TIME100 Next India’ सूची TIME के संपादकों द्वारा तैयार की जाएगी, जिसमें कला, विज्ञान, व्यवसाय, खेल और सामाजिक क्षेत्रों के उभरते प्रतिभाशाली चेहरों को शामिल किया जाएगा। यह सूची ऑनलाइन जारी की जाएगी और दिसंबर 2026 में मुंबई स्थित Nita Mukesh Ambani Cultural Centre में एक भव्य गाला के साथ इसका आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर नीता एम. अंबानी ने कहा कि TIME के साथ यह साझेदारी उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ चीजें भारत आएं और भारत की उत्कृष्ट प्रतिभा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाए।
वहीं, जेसिका सिबली ने इस पहल को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि ‘TIME100 Next India’ लीडर्स की अगली पीढ़ी को पहचानने और उन्हें एक मंच पर लाने की TIME की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस पहल को सफल बनाने में रिलायंस के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
TIME के अनुसार ‘TIME100 Next’ प्लेटफॉर्म वैश्विक स्तर पर उन लीडर्स को पहचान देने के लिए जाना जाता है, जो आने वाले दशकों को आकार देने की क्षमता रखते हैं। भारत में इसका विस्तार इस पहल का पहला अंतरराष्ट्रीय संस्करण होगा। पहली ‘TIME100 Next India’ सूची और गाला से जुड़ी अन्य जानकारियां आने वाले महीनों में जारी की जाएंगी।