जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह से वार्ता के बाद सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद तोड़ा अनशन
- Post By Admin on Jul 24 2026
नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुई वार्ता के बाद 26 दिनों से जारी अपना अनशन समाप्त कर दिया। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए कहा कि लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में उन्होंने अपना अनशन समाप्त किया।
सोनम वांगचुक 28 जून से केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में अनशन पर थे। उन्होंने अपने संदेश में बताया कि पिछले दिनों विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात कर अथवा पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था। वांगचुक ने कहा कि लंबी बातचीत और कुछ शर्तों पर सहमति बनने के बाद, साथ ही देश में संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इन शर्तों की विस्तृत जानकारी वह जल्द ही एक अलग वीडियो के माध्यम से साझा करेंगे । उन्होंने लोगों से अपील की कि आंदोलन के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की हिंसा न होने दें और शांति बनाए रखें।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर शुभकामनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री ने लिखा कि वह सोनम वांगचुक से डॉक्टरों की सलाह का पालन करने और जल्द स्वस्थ होकर अपना पूर्व वजन वापस प्राप्त करने का आग्रह करते हैं।