अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती का खतरा बढ़ा, 16 भारतीयों समेत जहाज लुटेरों के कब्जे में

  • Post By Admin on Aug 21 2026
अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती का खतरा बढ़ा, 16 भारतीयों समेत जहाज लुटेरों के कब्जे में

नई दिल्ली: समुद्र में समुद्री लुटेरों के बढ़ते आतंक ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यमन और सोमालिया के तट के आसपास अलग-अलग घटनाओं में 22 भारतीय नागरिकों को लेकर जा रहे दो वाणिज्यिक जहाजों को समुद्री लुटेरों द्वारा हाईजैक किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटनाओं ने हॉर्न ऑफ अफ्रीका के आसपास के समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली घटना में इरिट्रिया के झंडे वाले ऑयल प्रोडक्ट्स टैंकर M.T. Sibu 1 को समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया। जहाज पर कुल 20 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक शामिल हैं। जानकारी के अनुसार यमन के तट से करीब 30 नॉटिकल मील दूर अदन की खाड़ी में छह हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा किया। रिपोर्ट के मुताबिक जहाज पर सवार सभी 20 क्रू सदस्य फिलहाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, जहाज और उसमें सवार क्रू की वर्तमान स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। जहाज के क्रू में 16 भारतीयों के अलावा सीरिया, सूडान और इराक के नागरिक भी शामिल हैं। वहीं, एक अन्य क्रू सदस्य की राष्ट्रीयता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

समुद्री प्रशासन निदेशालय ने घटना को लेकर संबंधित रिक्रूटमेंट एंड प्लेसमेंट सर्विस लाइसेंस एजेंसी से रिपोर्ट और आगे की नियमित जानकारी e-Navik ऑनलाइन मरीन कैजुअल्टी रिपोर्टिंग सिस्टम के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा है। SKS Krishiv Marine Services के सुमित कांत सिंह के अनुसार, उनकी कंपनी ने जहाज के चार क्रू सदस्यों की भर्ती की थी। इन सभी से संबंधित विवरण समुद्री प्रशासन निदेशालय को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन घटनाओं के सामने आने के बाद अदन की खाड़ी और हॉर्न ऑफ अफ्रीका के आसपास के समुद्री मार्गों में सुरक्षा को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है। इस क्षेत्र से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों के लिए समुद्री डकैती लंबे समय से एक गंभीर चुनौती रही है। भारतीय नागरिकों के सवार होने के कारण भारतीय समुद्री प्रशासन भी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।