बिहार समेत 5 राज्यों में NIA की छापेमारी, Operation Sindoor से जुड़े मामलें में जांच तेज
- Post By Admin on Aug 25 2026
नई दिल्ली: Operation Sindoor के दौरान सरकारी वेबसाइटों पर हुए कथित साइबर हमलों की जांच अब तेज हो गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने सोमवार को महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, बिहार और दिल्ली में एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई उस मामले की जांच के तहत की गई है, जिसमें सरकारी संस्थानों की वेबसाइटों को निशाना बनाकर बड़े स्तर पर Distributed Denial-of-Service यानी DDoS अटैक करने की कोशिश का आरोप है।
NIA के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तकनीकी सुरागों के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान की गई, जिन पर कथित तौर पर साइबर हमले की तैयारी और आरोपियों को तकनीकी सहायता देने का शक है। इसके बाद अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त कर संबंधित परिसरों में कार्रवाई की गई।जांच एजेंसी के मुताबिक, मामले में 54 सरकारी वेबसाइटों और महत्वपूर्ण कंप्यूटर संसाधनों को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। इनमें Critical Information Infrastructure से जुड़े संसाधन भी शामिल बताए गए हैं। एजेंसी इस मामले को साइबर आतंकवाद के एंगल से भी जांच रही है। NIA की यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि तलाशी अभियान में बिहार भी शामिल रहा। बिहार के गोपालगंज में भी जांच एजेंसी की टीम पहुंची। इसके अलावा महाराष्ट्र के पुणे जिले के जुन्नर, गुजरात के खेड़ा जिले के नडियाद, तेलंगाना के करीमनगर जिले के रामागुंडम और दिल्ली में भी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान डिजिटल उपकरण और दस्तावेज भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। एजेंसी पहले ही इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। अब अन्य संदिग्धों की भूमिका और उनके नेटवर्क से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है। NIA की कार्रवाई के बाद साइबर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ी है। सरकारी वेबसाइटों और महत्वपूर्ण डिजिटल ढांचे को निशाना बनाने वाले ऐसे हमलों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती माना जाता है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।