मुंबई इंडियंस में नई प्रतिभाओं का स्वागत, नीता अंबानी ने जताई खुशी

  • Post By Admin on Dec 16 2024
मुंबई इंडियंस में नई प्रतिभाओं का स्वागत, नीता अंबानी ने जताई खुशी

मुंबई : मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता एम. अंबानी ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के लिए टीम की नई खिलाड़ियों का स्वागत किया और टीम चयन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "आज हमने जो टीम बनाई है, उससे हम सभी बहुत संतुष्ट हैं। कमलिनी, नादिन डी क्लार्क, संस्कृति गुप्ता और अक्षिता माहेश्वरी को मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा बनाते हुए गर्व महसूस हो रहा है।"

मुंबई इंडियंस में शामिल हुईं खिलाड़ियों में तमिलनाडु की 16 वर्षीय बल्लेबाज कमलिनी, जिन्होंने अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व किया है, दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर नादिन डी क्लार्क, मध्य प्रदेश की ऑलराउंडर संस्कृति गुप्ता और राजस्थान की तेज गेंदबाज अक्षिता माहेश्वरी शामिल हैं।

नीता अंबानी ने कहा, "मुंबई इंडियंस हमेशा से युवा प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें मंच देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। पिछले साल हमने सजाना को चुना था और अब उसे टीम इंडिया के लिए खेलते देखना प्रेरणादायक है। इस साल 16 वर्षीय कमलिनी को टीम में शामिल करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। वह एक रोमांचक नई प्रतिभा है, जिसे हमने लंबे समय से ट्रैक किया है।"

मुंबई इंडियंस के इस कदम को क्रिकेट जगत में युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम के साथ नई खिलाड़ियों की ऊर्जा और अनुभव WPL 2025 में मुंबई इंडियंस को मजबूती प्रदान करेगा।