‘अपराजिता’ के विमोचन पर मुकेश अंबानी का संदेश, महिला नेतृत्व को मिले बढ़ावा

  • Post By Admin on Sep 11 2026
‘अपराजिता’ के विमोचन पर मुकेश अंबानी का संदेश, महिला नेतृत्व को मिले बढ़ावा

मुंबई : रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी को भारत के विकास की महत्वपूर्ण ताकत बताया है। उन्होंने कहा कि देश अब महिलाओं के विकास से आगे बढ़कर महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कॉरपोरेट जगत से कामकाजी महिलाओं और माताओं के लिए बेहतर सहयोग और सुविधाओं की मजबूत व्यवस्था तैयार करने के लिए सामूहिक पहल करने का आह्वान किया।

मुकेश अंबानी ने यह बात अरुंधति भट्टाचार्य की आत्मकथा ‘इंडोमिटेबल’ के हिंदी संस्करण ‘अपराजिता’ के विमोचन के अवसर पर कही। उन्होंने अरुंधति भट्टाचार्य के नेतृत्व और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने के जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में भारतीय स्टेट बैंक की पहली महिला चेयरपर्सन बनकर अरुंधति ने इतिहास रचा और उनके बाद आने वाली महिलाओं के लिए भी नेतृत्व के नए अवसरों का रास्ता खोला। उन्होंने कहा कि अरुंधति की पुस्तक से परिवार के मूल्यों, असफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करने, निरंतर सीखते रहने और लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने जैसी महत्वपूर्ण सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि असफलता के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराने के बजाय अपनी गलतियों की समीक्षा कर यह समझना चाहिए कि आगे क्या बदलाव किए जा सकते हैं। उनके अनुसार प्रभावी नेतृत्व का अर्थ केवल अनुयायी तैयार करना नहीं, बल्कि भविष्य के नेताओं को तैयार करना भी है।

मुकेश अंबानी ने कहा कि उन्होंने महिलाओं की क्षमता और दृढ़ता को अपनी मां कोकिलाबेन, पत्नी नीता अंबानी और बेटी ईशा अंबानी के जीवन में भी देखा है। उन्होंने कहा कि नीता अंबानी और ईशा अंबानी दोनों कामकाजी माताओं के रूप में जिम्मेदारियां निभा रही हैं और उनका नेतृत्व नई पीढ़ी की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि देश की युवा महिलाओं का बढ़ता आत्मविश्वास भारत के भविष्य को लेकर उन्हें आशावान बनाता है। उन्होंने कहा कि अरुंधति भट्टाचार्य जैसी महिलाओं की उपलब्धियां प्रेरणा देती हैं, लेकिन कॉरपोरेट क्षेत्र में महिलाओं को समान अवसर और बेहतर सहयोग देने के लिए अभी काफी काम किया जाना बाकी है।

उन्होंने कारोबारी जगत के नेताओं से कामकाजी महिलाओं और माताओं के लिए मजबूत सहयोग तंत्र विकसित करने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने अरुंधति भट्टाचार्य और अन्य अनुभवी महिलाओं से इस पहल का नेतृत्व करने का आग्रह किया तथा कहा कि रिलायंस फाउंडेशन इसमें पूरा सहयोग करेगा। मुकेश अंबानी ने कहा कि चुनौतियां आएंगी, लेकिन उनसे पीछे हटने के बजाय उनसे सीखकर आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने और असफलताओं से सीख लेकर सफलता हासिल करने का संदेश दिया।