शुभांशु की अंतरिक्ष से वापसी पर बोले मंत्री जितेंद्र सिंह – भारत ने रचा नया इतिहास, पीएम मोदी की नीति से मजबूत हुई भारत की स्पेस इकोनॉमी

  • Post By Admin on Jul 15 2025
शुभांशु की अंतरिक्ष से वापसी पर बोले मंत्री जितेंद्र सिंह – भारत ने रचा नया इतिहास, पीएम मोदी की नीति से मजबूत हुई भारत की स्पेस इकोनॉमी

नई दिल्ली : अंतरिक्ष मिशन से सकुशल लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक सफलता पर देश भर में गर्व की लहर है। इस कड़ी में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी शुभांशु की उपलब्धि को भारत की वैश्विक साख के लिए "मील का पत्थर" बताया है। उन्होंने कहा कि इसरो और स्पेसएक्स के सहयोग से संपन्न हुआ यह मिशन भारत की अंतरिक्ष शक्ति को दुनिया के सामने मजबूती से स्थापित करता है।

"मानवता के हित में भारत का योगदान"
डॉ. सिंह ने कहा कि इस मिशन के तहत शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में मानव शरीर की कार्यप्रणाली और बीज अंकुरण से जुड़े अनूठे वैज्ञानिक प्रयोग किए। ये परीक्षण न केवल भारत के लिए, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने इसे विश्व बंधुत्व की दिशा में भारत का योगदान करार दिया—एक सोच, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार बल देते हैं।

स्पेस सेक्टर में पीएम मोदी की नीतियों का असर
मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को इस सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री ने स्पेस सेक्टर को निजी भागीदारी के लिए खोलकर क्रांतिकारी पहल की। अब घरेलू और विदेशी स्टार्टअप्स को भी इसमें प्रवेश की अनुमति है। एफडीआई को भी मंजूरी मिली है, जिससे भारत की स्पेस इकोनॉमी 40–45 मिलियन डॉलर तक पहुंचने की दिशा में अग्रसर है।”

2027 मिशन के लिए बढ़ा आत्मविश्वास
डॉ. सिंह ने शुभांशु के मिशन को भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों, विशेषकर 2027 में प्रस्तावित भारतीय मिशनों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता दिखाती है कि भारत अब आत्मनिर्भर अंतरिक्ष राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।

"मां भारती का सपूत छू रहा नई ऊंचाईयाँ"
शुभांशु शुक्ला की इस वापसी को ‘मां भारती का सम्मान’ बताते हुए मंत्री ने कहा कि भारत का युवा अब अंतरिक्ष में नेतृत्व कर रहा है। इससे देश के करोड़ों युवाओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार के प्रति विश्वास बढ़ेगा।

स्पेसएक्स ने दी शुभकामनाएँ
इस बीच, स्पेसएक्स ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "ड्रैगन कैप्सूल के सुरक्षित उतरने की पुष्टि हो गई है। पृथ्वी पर आपका स्वागत है!"

गौरतलब है कि शुभांशु शुक्ला अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ एक्सिओम मिशन-4 के तहत 26 जून को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए रवाना हुए थे और सोमवार को 23 घंटे की वापसी यात्रा के बाद सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे।

यह मिशन न केवल तकनीकी दृष्टि से भारत के लिए गौरवपूर्ण रहा, बल्कि यह भी साबित करता है कि प्रधानमंत्री की नीतिगत पहल और वैज्ञानिकों की मेहनत भारत को अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई ऊंचाई तक पहुंचा रही है।