विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली में सुरक्षा का अभेद्य घेरा, 2,000 अतिरिक्त CRPF जवानों की तैनाती
- Post By Admin on Jul 22 2026
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों और संसद के मानसून सत्र के बीच केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर पश्चिम बंगाल से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 20 अतिरिक्त कंपनियों को हवाई मार्ग से दिल्ली भेजा जा रहा है। प्रत्येक कंपनी में लगभग 100 जवान होने के कारण करीब 2,000 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, NEET पेपर लीक मामले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के लगातार विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हाल के प्रदर्शनों के दौरान हुई झड़पों के बाद गृह मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्णय लिया है।
दिल्ली में संसद का मानसून सत्र भी जारी है, जिसके कारण पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की सहायता के लिए पहले से सीआरपीएफ और उसकी दंगा-रोधी इकाई रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की करीब 30 कंपनियां तैनात हैं। अब पश्चिम बंगाल से बुलाई गई 20 अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती के बाद राजधानी में सुरक्षा बलों की मौजूदगी और बढ़ जाएगी।
बताया जा रहा है कि ये सीआरपीएफ कंपनियां पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान वहां भेजी गई थीं और राज्य सरकार के अनुरोध पर वहीं तैनात थीं। अब गृह मंत्रालय के निर्देश पर इन्हें तत्काल दिल्ली भेजा जा रहा है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।