नहीं रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

  • Post By Admin on Dec 20 2024
नहीं रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

नई दिल्ली : हरियाणा की राजनीति के दिग्गज नेता और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से हरियाणा और देश की राजनीति में शोक की लहर है।

ओम प्रकाश चौटाला ने अपने राजनीतिक जीवन में चार बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। पहली बार 2 दिसंबर 1989 को मुख्यमंत्री बने और 171 दिनों तक इस पद पर रहे। इसके बाद 12 जुलाई 1990 को दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, लेकिन उनका कार्यकाल केवल पांच दिनों का रहा। 22 मार्च 1991 को उन्होंने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला, जो मात्र 15 दिनों का था। चौथी बार 24 जुलाई 1999 को मुख्यमंत्री बने और मार्च 2005 तक इस पद पर रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा, ''इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।''

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और INLD प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'कांग्रेस की राजनीति में वे बहुत लंबे समय तक साथ रहे। विधानसभा में भी हम साथ रहे। उन्होंने अपने जीवन काल में जनता की सेवा की है। अभी तो वे राजनीति में भी सक्रिय थे। वे अच्छे व्यक्ति थे। हमारे संबंध अच्छे थे। वे मेरे बड़े भाई की भूमिका में थे।'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ''हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुःखद है। उन्होंने हरियाणा और देश की सेवा में उचित योगदान दिया। दुःख की इस घड़ी में हम उनके परिवार व समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और दिवगंत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं।''

जेडीयू नेता के.सी. त्यागी ने भी शोक जताते हुए कहा, ओम प्रकाश चौटाला का निधन लाखों-करोड़ों उनके प्रशंसकों के लिए अपूरणीय क्षति है। आज हरियाणा के किसान बेसहारा हो गए हैं, जब उनको चौटाला जी के नेतृत्व और निर्देशन की सबसे ज्यादा आवश्यकता थी।'

ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक थे। उनकी राजनीतिक शैली और किसानों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाया। उनके निधन से हरियाणा की राजनीति में एक युग का अंत हो गया है।

बता दे कि उनका अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव सिरसा में किया जाएगा। देशभर के नेता और समर्थक उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं।