गुजरात और असम में बाढ़ का कहर, लाखों लोग प्रभावित, सेना संभाल रही राहत मोर्चा

  • Post By Admin on Jul 25 2026
गुजरात और असम में बाढ़ का कहर, लाखों लोग प्रभावित, सेना संभाल रही राहत मोर्चा

नई दिल्ली: देश के दो राज्यों असम और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नदियों के उफान और जलभराव के कारण दोनों राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लाखों लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

असम में लगातार बारिश के कारण कई प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। बाढ़ और इससे जुड़ी घटनाओं में अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राज्य के 25 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 10.63 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिला है, जहां करीब 3.8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके अलावा चराईदेव में लगभग 1.9 लाख और जोरहाट जिले में 1.3 लाख से अधिक लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

वहीं गुजरात में लगातार तीसरे दिन हुई मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में हालात गंभीर कर दिए हैं। सूरत, नवसारी, वलसाड, अहमदाबाद समेत करीब ढाई सौ तहसीलों में भारी जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई गांवों का संपर्क टूट गया है और अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशासन ने सेना और अन्य एजेंसियों की मदद ली है। कई स्थानों पर हेलीकॉप्टर के जरिए लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। वहीं, रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं और मुंबई जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द किया गया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गुजरात में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। अमित शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनजीवन पर बारिश का प्रभाव कम से कम हो तथा लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।प्रशासन लगातार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और आवश्यक सेवाओं को बहाल करने में जुटा हुआ है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में अभी भी भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

•खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है