दिल्ली में BRICS सम्मेलन से पहले खालिस्तानी साजिश का खुलासा, तीन गिरफ्तार
- Post By Admin on Sep 12 2026
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले शांति और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने की कथित साजिश का स्पेशल सेल ने खुलासा किया है। पुलिस ने सिंधु बॉर्डर पर आपत्तिजनक नारे और ग्राफिटी लिखने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) और उसके प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के निर्देश पर काम कर रहे थे।
स्पेशल सेल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कथित मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल है। जांच में सामने आया है कि वह एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में था और उसे विदेश से आर्थिक मदद मिलने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी भारत में SFJ से जुड़े गतिविधियों को संचालित कर रहा था। पन्नू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है। स्पेशल सेल मामले में आरोपियों से पूछताछ कर साजिश से जुड़े अन्य लोगों और फंडिंग के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।
दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को प्रस्तावित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की गई है। स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (सिक्योरिटी) मनीष अग्रवाल के अनुसार, सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के 15 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा गृह मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की करीब 200 कंपनियां भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं। सम्मेलन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। डॉग स्क्वायड के साथ आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से भी जांच की जा रही है। सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और अन्य महत्वपूर्ण लोगों की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कई स्तर तैयार किए हैं।
इस वर्ष ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की थीम "Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability" रखी गई है। भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 तथा 2021 में समूह की अध्यक्षता कर चुका है। ब्रिक्स उभरती अर्थव्यवस्थाओं और ग्लोबल साउथ के हितों को वैश्विक मंच पर रखने वाला महत्वपूर्ण समूह माना जाता है। वर्तमान में ब्रिक्स में 11 पूर्ण सदस्य देश शामिल हैं।