कूटनीति की मेज पर भारत का शाही जायका: BRICS दिग्गजों की थाली में सजेगा 'श्रीअन्न' और अवधी दस्तरख्वान
- Post By Admin on Sep 11 2026
नई दिल्ली : भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में वैश्विक कूटनीति के साथ-साथ भारतीय खानपान की समृद्ध संस्कृति भी आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। सम्मेलन में भाग लेने आ रहे राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए दिल्ली के प्रमुख लक्जरी होटलों ने पारंपरिक और आधुनिक भारतीय व्यंजनों का खास संगम तैयार किया है।
विदेशी मेहमानों के लिए तैयार किए गए इस विशेष मेन्यू में भारत के सुपरफूड यानी 'श्रीअन्न' (मिलेट्स) को प्रमुखता दी गई है। द लीला पैलेस, ताज महल और द ललित जैसे नामचीन होटलों के शेफ्स ने ज्वार, बाजरा, जौ और बिहार के पारंपरिक सत्तू से कई नए व्यंजन तैयार किए हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर मुख्य भोजन तक में भारतीय विविधता दिखेगी, जिसमें बाजरा उपमा, किनुआ बिरयानी, लखनवी अवधी कबाब और प्रसिद्ध हैदराबादी बिरयानी को शामिल किया गया है।
सम्मेलन के दौरान परोसे जाने वाले भोजन की योजना काफी बारीकी से तय की जाती है। मेजबान देश की प्रोटोकॉल टीम और होटल के प्रमुख शेफ्स मिलकर हर नेता की व्यक्तिगत पसंद, डाइट प्लान, स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देश और एलर्जी से जुड़ी जानकारियों की पहले से समीक्षा करते हैं। इसी के आधार पर यह सुनिश्चित किया जाता है कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ-साथ भोजन में भारतीय मसालों और स्थानीय स्वादों की मौलिकता भी बरकरार रहे।
होटलों ने अलग-अलग राज्यों के क्षेत्रीय व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय अंदाज़ में पेश करने की तैयारी की है, ताकि विदेशी प्रतिनिधि भारत के अलग-अलग कोनों के पारंपरिक स्वाद का अनुभव एक ही मेज पर कर सकें। यह पहल सिर्फ भोजन परोसने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध पाक कला, मोटे अनाजों की महत्ता और परंपरागत अतिथि सत्कार को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है।