प्रवासी बिहारियों को एक मंच पर लाकर राज्य के विकास पर होगा विचार-विमर्श
- Post By Admin on Sep 10 2026
पटना: देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे बिहारियों को एक मंच पर लाने और बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक विचार-विमर्श करने के उद्देश्य से ‘बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन’ का दूसरा अध्याय 4 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के आयोजन की जानकारी देने के लिए पटना के होटल पाटलिपुत्र एग्जोटिका में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। संवाददाता सम्मेलन में शुभ सीता फाउंडेशन की संस्थापक-निदेशक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन की संस्थापक कार्यकर्ता मनोरमा झा ने बताया कि सम्मेलन का आयोजन केदार नाथ साहनी ऑडिटोरियम, अजमेरी गेट, दिल्ली में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का पहला संस्करण पिछले वर्ष 14 जून को मुंबई में आयोजित किया गया था।
संवाददाता सम्मेलन में बिहार कैडर के वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विजय प्रकाश, भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक उमेश मिश्र, साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सदफ इकबाल तथा राजनीतिक विश्लेषक रामबंधु वत्स मौजूद रहे। मनोरमा झा ने बताया कि दिल्ली में आयोजित होने वाले सम्मेलन में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यसभा सदस्य डॉ. धर्मशिला गुप्ता, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा, प्रशांत किशोर, वेदांता समूह से अनिल अग्रवाल, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, अभिनेता पंकज त्रिपाठी, श्रेयसी सिंह, मिथलेश तिवारी, पीएचआईयेल ग्रुप के प्रवीण झा, अभिनेता शेखर सुमन, संदीप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के संदीप झा, मंत्री नीतीश मिश्र, येएसपीएल फ्यूजन के प्रभात रंजन, राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, सतीश कुमार सिंह, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जगदीप नारायण सिंह, व्यवसायी सीमा सिंह, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, इंडियन एक्सप्रेस के वरिष्ठ संपादक संतोष सिंह, सिटी पोस्ट के श्रीकांत प्रत्युष और आदित्य झा सहित कई नाम शामिल हैं।
आयोजकों की ओर से बिहार से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे उद्योगपतियों, विशेषज्ञों और अन्य महत्वपूर्ण लोगों को भी सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में बिहार के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के साथ राज्य की वर्तमान चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। मनोरमा झा ने कहा कि देश के विभिन्न शहरों और राज्यों में रहने वाले बिहारवासियों को एक मंच पर लाकर बिहार से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बिहार कई चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर निष्पक्ष और सार्थक विमर्श की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के अनुभव और सुझावों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। विचार-विमर्श के बाद बिहार की बेहतरी के लिए व्यावहारिक सुझाव और कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास होगा। आयोजकों का कहना है कि बिहार से बाहर रहने वाले प्रवासी बिहारी भी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके अनुभव, विशेषज्ञता, संसाधन और विचार बिहार की प्रगति में उपयोगी साबित हो सकते हैं। ‘बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन’ इसी भावना को मजबूत करने और बिहारवासियों को विकास के साझा मुद्दों पर एक मंच पर लाने का प्रयास है। मनोरमा झा ने बताया कि सम्मेलन को भविष्य में देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित करने की योजना है, ताकि विभिन्न राज्यों और शहरों में रह रहे बिहारियों के बीच संवाद को और मजबूत किया जा सके तथा बिहार के विकास के लिए व्यापक स्तर पर सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।