बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल आज, जानें कब-कब बंद रहेंगे बैंक

  • Post By Admin on Sep 11 2026
बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल आज, जानें कब-कब बंद रहेंगे बैंक

नई दिल्ली : बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने शुक्रवार, 11 सितंबर को देशव्यापी एक दिवसीय बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के कारण देशभर में बैंक शाखाओं और कार्यालयों में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूको बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र समेत कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को संभावित असर की जानकारी देते हुए सामान्य बैंकिंग सेवाएं बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं। कर्मचारियों की वास्तविक भागीदारी के आधार पर शाखाओं के कामकाज पर असर पड़ सकता है।

UFBU सात बैंक कर्मचारी और अधिकारी संगठनों का संयुक्त मंच है। यूनियनों की प्रमुख मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। इसके साथ पेंशन में संशोधन, पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते की समान व्यवस्था, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल होने का विकल्प देने और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों से जुड़ी प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना के मुद्दों का समाधान करने की मांग की जा रही है।

PLI योजना को लेकर भी बैंक यूनियनों ने आपत्ति जताई है। वित्त मंत्रालय ने 19 नवंबर 2024 को जारी PLI योजना को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए फिलहाल रोक दिया है। मंत्रालय के अनुसार, नए द्विपक्षीय समझौते और संयुक्त नोट को लेकर चल रही बातचीत के दौरान इस मुद्दे पर विचार किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में PLI के अलावा सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले अतिरिक्त भुगतान और सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी।

11 सितंबर की हड़ताल के बाद भी बैंकिंग सेवाओं पर लगातार अवकाश का असर देखने को मिल सकता है। UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का भी ऐलान किया है। मांगों पर समाधान नहीं निकलने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। 14 सितंबर को कुछ राज्यों में गणेश चतुर्थी के कारण बैंक अवकाश रहेगा। ऐसे में संबंधित राज्यों में बैंक शाखाओं का कामकाज कई दिनों तक लगातार प्रभावित हो सकता है। ग्राहकों को नकद निकासी, चेक, ड्राफ्ट या अन्य जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए अपने बैंक की स्थानीय शाखा और संबंधित अवकाश कैलेंडर के अनुसार पहले से योजना बनाने की सलाह दी जाती है।