TRAI टेस्ट में जियो का दबदबा, डाउनलोड स्पीड और कॉल क्वालिटी में सभी को छोड़ा पीछे

  • Post By Admin on Jun 02 2026
TRAI टेस्ट में जियो का दबदबा, डाउनलोड स्पीड और कॉल क्वालिटी में सभी को छोड़ा पीछे

नई दिल्ली : टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) द्वारा दिल्ली सर्किल में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट में रिलायंस जियो ने डेटा स्पीड और वॉइस क्वालिटी के मामले में मजबूत प्रदर्शन किया है। अप्रैल 2026 में आयोजित इस परीक्षण में दिल्ली के विभिन्न इलाकों, प्रमुख हॉटस्पॉट्स, वॉक टेस्ट लोकेशनों तथा नोएडा सेक्टर-121 से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट तक के मार्ग को शामिल किया गया।

मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए किए गए इस परीक्षण में विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के नेटवर्क पर वॉइस और डेटा सेवाओं की जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 243.98 एमबीपीएस दर्ज की गई, जो एयरटेल की 169.80 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 26.26 एमबीपीएस और एमटीएनएल की 4.43 एमबीपीएस स्पीड से काफी अधिक रही।

डेटा सेवाओं में इंटरनेट रिस्पॉन्स टाइम यानी लेटेंसी के मामले में भी जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। जियो की औसत लेटेंसी 20.33 मिलीसेकंड दर्ज की गई, जबकि एमटीएनएल की 22.84 मिलीसेकंड, वोडाफोन आइडिया की 37.57 मिलीसेकंड और एयरटेल की 43.76 मिलीसेकंड रही। वॉइस सेवाओं की बात करें तो कॉल सेटअप सक्सेस रेट में जियो और वोडाफोन आइडिया दोनों 99 प्रतिशत से अधिक के साथ अग्रणी रहे। वहीं एयरटेल का कॉल सेटअप सक्सेस रेट 97.22 प्रतिशत दर्ज किया गया। कॉल कनेक्ट होने में लगने वाले समय के मामले में भी जियो सबसे आगे रहा, जहां उसका कॉल सेटअप टाइम 0.56 सेकंड रिकॉर्ड किया गया। वॉइस क्वालिटी के एमओएस (MOS) स्कोर में भी जियो ने 4.36 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

एयरपोर्ट रूट पर नेटवर्क कवरेज के मामले में भी जियो का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। वॉइस टेस्टिंग के दौरान जियो नेटवर्क पर केवल 0.15 प्रतिशत मार्ग पर कमजोर सिग्नल पाया गया, जबकि एयरटेल में यह 0.41 प्रतिशत, वोडाफोन आइडिया में 0.57 प्रतिशत और एमटीएनएल में 72.48 प्रतिशत दर्ज किया गया। डेटा परीक्षण के दौरान भी एयरपोर्ट रूट पर जियो की नेटवर्क गुणवत्ता मजबूत रही। कमजोर सिग्नल केवल 2.52 प्रतिशत मार्ग पर दर्ज किया गया, जबकि एयरटेल में 3.93 प्रतिशत, वोडाफोन आइडिया में 1.43 प्रतिशत और एमटीएनएल में 82.91 प्रतिशत मार्ग पर कमजोर सिग्नल पाया गया।

TRAI के इस परीक्षण में दिल्ली के जौंती, कंझावला, बवाना, अलीपुर, रोहिणी, शास्त्री पार्क, बुराड़ी, शालीमार बाग, मुखर्जी नगर, वजीराबाद, अशोक नगर, पश्चिम विहार और जनकपुरी सहित कई क्षेत्रों को शामिल किया गया। इसके अलावा आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1, टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3, रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन, कश्मीरी गेट आईएसबीटी, जिला अदालत रोहिणी समेत कई प्रमुख स्थानों पर नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में डाउनलोड स्पीड, कम लेटेंसी और वॉइस क्वालिटी जैसे प्रमुख मानकों पर जियो ने बढ़त बनाई है। वहीं अपलोड स्पीड के मामले में एयरटेल आगे रहा, जबकि वोडाफोन आइडिया ने कॉल ड्रॉप और कॉल सेटअप सक्सेस रेट के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया।