भारत बनेगा 30 ट्रिलियन डॉलर की महाशक्ति, निवेशकों के लिए सुनहरा मौका : मुकेश अंबानी

  • Post By Admin on Feb 04 2026
भारत बनेगा 30 ट्रिलियन डॉलर की महाशक्ति, निवेशकों के लिए सुनहरा मौका : मुकेश अंबानी

नई दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश डी. अंबानी ने कहा है कि आने वाले 20 से 30 वर्षों में भारत 25 से 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की पूरी क्षमता रखता है। यह दौर देश की युवा आबादी के लिए निवेश और संपत्ति निर्माण का ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।

मुंबई में आयोजित जियो–ब्लैकरॉक के विशेष कार्यक्रम “इन्वेस्टिंग फॉर ए न्यू एरा” में ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक के साथ बातचीत के दौरान अंबानी ने कहा कि भारत पारंपरिक रूप से बचत प्रधान देश रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि बचत की संस्कृति को निवेश की संस्कृति में बदला जाए। उन्होंने कहा कि यदि देश की बचत पूंजी बाजारों में निवेश के रूप में लगेगी, तो इससे न केवल आम परिवारों की संपत्ति बढ़ेगी, बल्कि राष्ट्रीय आर्थिक विकास को भी तेज गति मिलेगी।

ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक ने भी भारत को लॉन्ग-टर्म वेल्थ क्रिएशन के लिए सबसे बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि इक्विटी निवेश तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में संपत्ति निर्माण का सबसे मजबूत जरिया है। उन्होंने भारत को “एरा ऑफ इंडिया” की संज्ञा देते हुए इसे वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बताया।

मुकेश अंबानी ने भारत की विकास यात्रा का श्रेय मजबूत नीतियों, राजनीतिक स्थिरता, इंफ्रास्ट्रक्चर के व्यापक विस्तार और डिजिटल क्रांति को दिया। उन्होंने कहा कि 5G नेटवर्क, डिजिटल इंडिया अभियान और कैपिटल मार्केट्स के सशक्तिकरण ने भारत को दीर्घकालिक निवेश के लिए एक विश्वसनीय केंद्र बना दिया है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर जोर देते हुए अंबानी ने कहा कि एआई आने वाले समय में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। इसके माध्यम से देश के 1.4 अरब लोगों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुलभ सार्वजनिक सुविधाएं किफायती दरों पर पहुंचाई जा सकेंगी।

कार्यक्रम के अंत में अंबानी ने कहा कि जो लोग भारत की दीर्घकालिक विकास क्षमता पर भरोसा करेंगे और समय रहते निवेश करेंगे, वही आने वाले दशकों में सबसे अधिक लाभ उठाने वाले साबित होंगे।