यूरोपीय संघ ने 102 नए भारतीय मत्स्य प्रतिष्ठानों को निर्यात के लिए किया सूचीबद्ध
- Post By Admin on Sep 09 2025
.jpg)
नई दिल्ली : भारतीय समुद्री खाद्य उद्योग के लिए यूरोप से खुशखबरी है। यूरोपीय संघ (ईयू) ने भारत के 102 नए मत्स्य प्रतिष्ठानों को सदस्य देशों में निर्यात के लिए सूचीबद्ध किया है। यह जानकारी केंद्र सरकार ने मंगलवार को दी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, इस कदम से वैश्विक स्तर पर भारत की खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों में बढ़ते विश्वास का संकेत मिलता है। यह विशेष रूप से जलीय कृषि झींगा और सेफेलोपोड्स (स्क्विड, कटल फिश, ऑक्टोपस) के निर्यात में बाजार विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ईयू ने यह निर्णय नई दिल्ली में हुई कई बैठकों और निर्यात निरीक्षण परिषद (ईआईसी) के निरीक्षण तंत्र की समीक्षा के बाद लिया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसमें भाग लिया था। इस कदम से भारतीय समुद्री खाद्य निर्यात की अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता और ट्रेसेबिलिटी की प्रतिबद्धता मजबूत हुई है।
मंत्रालय ने बताया कि इससे भारत के निर्यातकों के लिए यूरोपीय बाजार में उत्पाद विविधता और व्यापार विस्तार के अवसर बढ़ेंगे। नए प्रतिष्ठानों के शामिल होने से तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के निर्यातकों को उच्च गुणवत्ता वाले समुद्री खाद्य के निर्यात में मदद मिलेगी।
वाणिज्य विभाग ने कहा कि नीति सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास और क्षमता निर्माण के माध्यम से निर्यातकों को समर्थन जारी रहेगा। ईआईसी और ईआईएएस यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय समुद्री खाद्य उत्पाद अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हों, जिससे जन स्वास्थ्य सुरक्षित रहे और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और मजबूत हो।