भारत में टेस्ला का धमाकेदार डेब्यू : एक बार चार्ज में 622 KM दौड़ेगी इलेक्ट्रिक SUV, कीमत 60 लाख से शुरू

  • Post By Admin on Jul 16 2025
भारत में टेस्ला का धमाकेदार डेब्यू : एक बार चार्ज में 622 KM दौड़ेगी इलेक्ट्रिक SUV, कीमत 60 लाख से शुरू

नई दिल्ली : एलन मस्क के नेतृत्व वाली इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी टेस्ला ने आखिरकार भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित एंट्री कर ली है। मंगलवार को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में कंपनी ने अपना पहला एक्सपीरियंस सेंटर लॉन्च किया, साथ ही टेस्ला मॉडल Y SUV की आधिकारिक लॉन्चिंग भी कर दी।

कंपनी के मुताबिक, मॉडल Y एक बार फुल चार्ज में 622 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है। यह कार दो वैरिएंट्स—रियर व्हील ड्राइव (RWD) और लॉन्ग रेंज RWD में उपलब्ध होगी। RWD मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 60 लाख रुपए, जबकि लॉन्ग रेंज वैरिएंट की कीमत 68 लाख रुपए तय की गई है।

सुरक्षा और स्मार्ट फीचर्स से लैस

इस ईवी में 8 एयरबैग, लेवल-2 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे कई अत्याधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने जानकारी दी है कि बुकिंग 22,000 रुपए की टोकन मनी के साथ शुरू हो गई है और अक्टूबर 2025 से डिलीवरी शुरू होगी।

देशभर में EV इकोसिस्टम तैयार करने की योजना

टेस्ला केवल कार बेचने नहीं, बल्कि भारत में एक संपूर्ण ईवी इकोसिस्टम खड़ा करने आई है। कंपनी ने बताया कि नई दिल्ली में जल्द शोरूम खोलने के साथ 4 चार्जिंग हब बनाने की योजना है, जिसमें 16 सुपरचार्जर और 15 डेस्टिनेशन चार्जर होंगे।

वहीं मुंबई में लोअर परेल, बीकेसी, नवी मुंबई और ठाणे जैसे प्रमुख इलाकों में चार चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण शुरू हो चुका है, जिनमें 16 सुपरचार्जर और 16 डेस्टिनेशन चार्जर लगाए जाएंगे।

55 देशों में 80 लाख टेस्ला कारें, अब भारत की बारी

टेस्ला ने जानकारी दी है कि अब तक दुनिया भर में 80 लाख से ज्यादा कारें डिलीवर की जा चुकी हैं। सिर्फ 2024 में ही कंपनी ने 250 से ज्यादा फीचर्स OTA अपडेट्स के जरिए जोड़े हैं। कंपनी का लक्ष्य कारों को लगातार स्मार्ट और सुरक्षित बनाना है।

भारतियों को मिलेगा ग्लोबल जिम्मा

रोजगार के मोर्चे पर टेस्ला ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि भारत में संचालन पूरी तरह स्थानीय प्रतिभाओं के नेतृत्व में होगा। भारतीय नागरिकों को कंपनी के प्रमुख पदों पर नियुक्त किया जाएगा।

सस्टेनेबल फ्यूचर की ओर कदम

टेस्ला ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन उसकी सस्टेनेबल भविष्य की व्यापक रणनीति का एक हिस्सा मात्र है। कंपनी का असली उद्देश्य एक दीर्घकालिक टिकाऊ परिवहन प्रणाली का निर्माण करना है।

टेस्ला की भारत में एंट्री न सिर्फ ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बड़ा मोड़ है, बल्कि देश में ग्रीन मोबिलिटी और स्थानीय रोजगार सृजन की दिशा में एक मजबूत कदम भी माना जा रहा है। अब देखना होगा कि एलन मस्क की टेस्ला भारतीय बाजार में कितनी तेजी से रफ्तार पकड़ती है।