अमेरिका में वीजा सुधार की पहल, संसद में पेश किया गया द्विदलीय कानून

  • Post By Admin on Mar 30 2023
अमेरिका में वीजा सुधार की पहल, संसद में पेश किया गया द्विदलीय कानून

वाशिंगटन: अमेरिका में विदेशों से आने वाले कामगारों की मदद के लिए वीजा सुधार की पहल हुई है। प्रभावशाली अमेरिकी सांसदों के एक समूह ने संसद के उच्च सदन (सीनेट) में एच-1बी और एल-1 वीजा कार्यक्रमों में व्यापक बदलाव लाने और विदेशी कर्मचारियों की भर्ती में अधिक पारदर्शिता लाने संबंधी एक द्विदलीय कानून पेश किया है। यदि यह कानून पास होता है तो अमेरिका पहुंचने वाले विदेशी कामगारों का शोषण रोकने के साथ उनसे दुर्व्यवहार में भी कमी आएगी।

दो प्रभावशाली अमेरिकी सांसदों डिक डर्बिन और चक ग्रासली द्वारा अमेरिकी संसद में पेश कानून को सांसद टॉमी ट्यूबरविल, बर्नी सैंडर्स, शेरोड ब्राउन और रिचर्ड ब्लूमेंथल ने इसे समर्थन दिया है। अमेरिकी कंपनियां हर साल एच-1बी, एल-1 वीजा पर हजारों विदेशी कर्मचारियों की भर्ती करती हैं। अमेरिका संसद में लाए गए एच-1बी, एल-1 वीजा सुधार अधिनियम से आव्रजन प्रणाली में धोखाधड़ी और दुरुपयोग कम होगा, अमेरिकी श्रमिकों और वीजा धारकों को सुरक्षा मिलेगी और विदेशी कर्मचारियों की भर्ती में अधिक पारदर्शिता की आवश्यकता होगी।

इस संबंध में जानकारी दी गयी कि प्रस्तावित कानून में एल-1 और एच-1बी वीजा पर आए कर्मचारियों को काम पर रखने, नए वेतन, भर्ती एवं सत्यापन जरूरतों के बारे में बताने तथा एच-1बी वीजाधारकों की नियुक्ति के इच्छुक नियोक्ताओं को इन नौकरियों के बारे में जानकारी श्रम मंत्रालय की वेबसाइट पर देने का प्रस्ताव दिया गया है। कानून में एल-1 कार्यक्रम में सुधार और विदेशी सहयोगियों को सत्यापित करने में विदेश मंत्रालय से सहयोग को अनिवार्य करना भी प्रस्तावित है।