ईरान के नतांज न्यूक्लियर प्लांट पर हमला, रेडिएशन रिसाव न होने से टला बड़ा खतरा
- Post By Admin on Mar 21 2026
तेहरान : ईरान के नतांज स्थित परमाणु केंद्र पर कथित तौर पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमले की खबर सामने आई है। इस्लामिक रिपब्लिक के एटॉमिक एनर्जी ऑर्गनाइजेशन ने दावा किया है कि शनिवार सुबह संयुक्त रूप से किए गए इस हमले में नतांज एनरिचमेंट कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार के रेडियोएक्टिव रिसाव की जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय मीडिया एजेंसी तसनीम के अनुसार संगठन ने बताया कि मध्य ईरान में स्थित इस परमाणु केंद्र पर हमले के बावजूद आसपास के इलाकों में रेडिएशन फैलने की कोई खबर नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना से आसपास रहने वाले लोगों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
बताया जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बाद नतांज केंद्र को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई। इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने 3 मार्च को पुष्टि की थी कि नतांज परमाणु केंद्र के प्रवेश द्वार के पास स्थित कुछ इमारतों को आंशिक नुकसान पहुंचा था।
हाल के दिनों में जारी सैटेलाइट तस्वीरों में भी इस क्षेत्र में बमबारी से हुए नुकसान के संकेत दिखाई दिए थे। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने ताजा सैटेलाइट इमेजरी के आधार पर नतांज के अंडरग्राउंड फ्यूल एनरिचमेंट प्लांट के प्रवेश द्वार के आसपास कुछ क्षति की पुष्टि की है। हालांकि एजेंसी के अनुसार इससे किसी प्रकार का परमाणु खतरा उत्पन्न नहीं हुआ है और मुख्य संयंत्र सुरक्षित है।
गौरतलब है कि नतांज परमाणु केंद्र इससे पहले जून में ईरान और इजरायल के बीच हुए 12 दिन के संघर्ष के दौरान भी प्रमुख निशाने पर रहा था। उस समय भी इस परिसर को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई थीं।
आईएईए के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने हाल ही में कहा था कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों से ईरान के प्रमुख परमाणु संयंत्रों को फिलहाल गंभीर नुकसान होने के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने वैश्विक समुदाय से संयम बरतने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र, तेहरान रिसर्च रिएक्टर और अन्य परमाणु स्थलों पर किसी हमले या क्षति की सूचना नहीं मिली है।