एंटी करप्शन ब्यूरो के सदस्य की तत्परता से लखीसराय में टला रेल हादसा, ट्रेन से उतारी गई लकड़ियां बनीं खतरे की वजह
- Post By Admin on Oct 23 2026
लखीसराय : लखीसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 पर शुक्रवार सुबह एक संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:32 बजे गाड़ी संख्या 53203 से कुछ लकड़ियां प्लेटफार्म के पास उतारी गई थीं।
उसी दौरान किउल की तरफ से लखीसराय होकर प्लेटफार्म संख्या 3 से एक थ्रू ट्रेन तेजी से गुजरी। यदि वही ट्रेन प्लेटफार्म संख्या 4 से गुजरती, तो पटरी के पास रखी लकड़ियों के कारण गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उस समय प्लेटफार्म के निकट सुरक्षा जवान भी मौजूद थे, लेकिन उनका ध्यान इस ओर नहीं गया था।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एंटी करप्शन ब्यूरो ऑफ इंडिया के सदस्य सौरव कुमार ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत सूझबूझ दिखाई। उन्होंने अविलंब लखीसराय और किउल रेलवे के अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया तथा स्टेशन पर एनाउंसमेंट करवाकर वीडियो साक्ष्य के साथ शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और किउल रेलवे अधिकारियों के निर्देश पर पटरी के पास से लकड़ियों को फौरन हटवा दिया गया। इस मामले में प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से लकड़ियां रखने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। समय रहते की गई इस पहल से स्टेशन पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने से बच गई।