INDW vs IREW: भारत ने 435 रन बनाकर रचा इतिहास, महिला क्रिकेट में पहली बार 400+ पार
- Post By Admin on Jan 15 2025

नई दिल्ली :
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 15 जनवरी 2025 को आयरलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे में इतिहास रच दिया। राजकोट के मैदान पर भारतीय टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 435 रन बनाए। यह न केवल भारतीय महिला टीम का, बल्कि भारत के क्रिकेट इतिहास का सर्वोच्च वनडे स्कोर है। इससे पहले भारतीय पुरुष टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 418/5 था जो 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया गया था।
भारतीय महिला टीम ने पहली बार 400 रन का आंकड़ा पार किया। इससे पहले महिला वनडे में भारत का उच्चतम स्कोर 370 था जो हाल ही में इसी सीरीज के दूसरे वनडे में आयरलैंड के खिलाफ बनाया गया था। महिला वनडे इतिहास में यह छठी बार है जब किसी टीम ने 400 या उससे अधिक का स्कोर बनाया।
इस ऐतिहासिक जीत में सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 129 गेंदों में 154 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 20 चौके और 1 छक्का शामिल था। यह भारतीय महिला वनडे इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी पारी है। प्रतिका ने अपने डेब्यू के बाद से ही शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक खेले गए छह वनडे मैचों में 74 की औसत से 444 रन बनाए हैं। उन्होंने शुरुआती छह वनडे मैचों के बाद सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है जो पहले थाईलैंड की नत्थाकन चंथम (322 रन) के नाम था।
कप्तान स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 233 रन की साझेदारी की, जो भारतीय महिला क्रिकेट में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। मंधाना ने 80 गेंदों में 135 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 7 छक्के शामिल थे। मंधाना के आउट होने के बाद भी भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए।
प्रतिका और मंधाना के अलावा ऋचा घोष ने भी 42 गेंदों में 59 रन की तेज पारी खेली। तेजल हसब्निस (28 रन) और हरलीन देओल (15 रन) ने भी स्कोर को मजबूत करने में योगदान दिया।
महिला वनडे में 400+ स्कोर का इतिहास
• 491/4 - न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड, डबलिन, 2018
• 455/5 - न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान, क्राइस्टचर्च, 1997
• 440/3 - न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड, डबलिन, 2018
• 435/5 - भारत बनाम आयरलैंड, राजकोट, 2025
• 418 - न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड, डबलिन, 2018
• 412/3 - ऑस्ट्रेलिया बनाम डेनमार्क, मुंबई, 1997
भारतीय महिला वनडे में सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत पारियां
• 188 - दीप्ति शर्मा बनाम आयरलैंड, 2017
• 171* - हरमनप्रीत कौर बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2017
• 154 - प्रतिका रावल बनाम आयरलैंड, 2025
• 143* - हरमनप्रीत कौर बनाम इंग्लैंड, 2022
• 138* - जया शर्मा बनाम पाकिस्तान, 2005