दिवाली पर पेंटर बने राहुल गांधी, बोले 10 जनपथ से मुझे प्रेम नहीं, यहां मेरे पिता की हुई मौत

  • Post By Admin on Nov 01 2024
दिवाली पर पेंटर बने राहुल गांधी, बोले 10 जनपथ से मुझे प्रेम नहीं, यहां मेरे पिता की हुई मौत

नई दिल्ली : दिवाली के इस खास मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक अनोखा अंदाज अपनाया। उन्होंने एक वीडियो के माध्यम से पेंटरों और कुम्हारों के साथ दिवाली मनाते हुए उनकी कठिनाइयों को समझने का प्रयास किया। वीडियो में राहुल खुद एक पेंटर की भूमिका निभाते हुए घर की दीवारों पर पुट्टी करते नजर आए।

राहुल गांधी का यह प्रयास उन लोगों के जीवन में आने वाली चुनौतियों को समझने का था, जो देश के घरों को सुंदर बनाने में अपना योगदान देते हैं। वीडियो में राहुल गांधी ने कहा, “आमतौर पर जब हम दिवाली मनाते हैं, तो हम उन लोगों से बात नहीं करते हैं जो हमारे घरों में खुशियाँ लाते हैं। मैं आज उनसे बात करके उनकी परेशानी जानना चाहता हूं।”

इस वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि 10 जनपथ से उन्हें खास प्रेम नहीं है क्योंकि यहीं उनके पिता राजीव गांधी का निधन हुआ था। बता दें कि उनकी मां और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी इस बंगले में वर्षों से रह रही हैं, और यह घर यूपीए सरकार के दौरान सत्ता का केंद्र भी रहा है।

वीडियो में राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान भी नजर आए। उन्होंने पेंटरों और कुम्हारों से बातचीत करते हुए बताया कि इन लोगों की मेहनत से ही हमारे घरों में रौशनी और रंग-बिरंगी सजावट आती है।

राहुल गांधी ने वीडियो को कैप्शन दिया, “एक दिवाली उनके साथ, जिनकी मेहनत से रौशन है भारत”। वीडियो के माध्यम से राहुल और उनके भांजे और वायनाड से उपचुनाव लड़ रहीं प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और उन लोगों का आभार व्यक्त किया जिनकी कड़ी मेहनत से यह त्योहार खास बनता है।