आलंद में वोटर लिस्ट घोटाला, 6,018 नाम गायब होने का राहुल गांधी ने लगाया आरोप

  • Post By Admin on Sep 18 2025
आलंद में वोटर लिस्ट घोटाला, 6,018 नाम गायब होने का राहुल गांधी ने लगाया आरोप

नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्नाटक के आलंद निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची से वोटों की कथित फर्जी डिलीशन का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस क्षेत्र में 6,018 वोट बिना जानकारी दिए हटा दिए गए, जिनमें से अधिकांश कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के थे।

राहुल गांधी ने कहा कि आलंद का मामला चुनावों में धांधली का साफ उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया, “भारत का चुनाव आयोग उन लोगों को बचा रहा है, जिन्होंने लोकतंत्र को नष्ट किया है। आलंद में हजारों वोटों को गलत तरीके से हटाया गया और यह सिर्फ संयोग से पकड़ा गया।”

कांग्रेस सांसद ने बताया कि एक बूथ अधिकारी को तब शक हुआ जब उसके रिश्तेदार का नाम मतदाता सूची से गायब मिला। जांच करने पर पता चला कि उसके नाम पर पड़ोसी ने वोट डिलीट कराया, जबकि न तो वोट हटाने वाले और न ही मतदाता को इसकी जानकारी थी। राहुल के मुताबिक, इस प्रक्रिया को किसी और ताकत ने हाईजैक कर लिया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि आलंद में मतदाताओं के नाम पर 6,018 आवेदन फर्जी तरीके से दाखिल किए गए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने उदाहरण देते हुए बताया कि गोदाबाई नाम की महिला के नाम पर फर्जी लॉगिन बनाए गए और उसके जरिए 12 मतदाताओं के वोट हटा दिए गए। इसी तरह सूर्यकांत और नागराज जैसे लोगों के नाम का भी गलत इस्तेमाल हुआ।

राहुल ने कहा कि इन वोट डिलीशन के लिए जिन मोबाइल नंबरों का उपयोग किया गया, वे कर्नाटक के बाहर के थे और अलग-अलग राज्यों से जुड़े थे। उनका आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया सेंट्रलाइज्ड सॉफ्टवेयर प्रोग्राम के जरिए की गई और खास तौर पर कांग्रेस समर्थक बूथों को टारगेट किया गया।

कांग्रेस नेता ने इस मुद्दे पर चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ दल पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।