राहुल गांधी के वोट चोरी खुलासे पर प्रियंका वाड्रा का हमला – मतदाता सूची में गड़बड़ी की जांच की मांग
- Post By Admin on Aug 08 2025
 
                    
                    नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची में गड़बड़ी से जुड़े कथित सबूत पेश करने के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस ने इन आरोपों को गंभीर बताते हुए चुनाव आयोग से तत्काल जांच की मांग की है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मीडिया से कहा, "राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ पर बड़ा खुलासा किया है। इसकी जांच होनी चाहिए। चुनाव आयोग वोटर लिस्ट उपलब्ध नहीं करा रहा, बल्कि हलफनामा मांग रहा है। हम लगातार डेटा दे रहे हैं, लेकिन आयोग मानने को तैयार नहीं।"
भविष्य की रणनीति पर उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता आपस में चर्चा कर आगे की राह तय करेंगे। साथ ही दावा किया कि इस पूरे मामले में अनियमितताएं साफ नजर आ रही हैं और भाजपा की प्रतिक्रियाएं भी इस गड़बड़ी की पुष्टि करती हैं।
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने राहुल गांधी के आरोपों को "लोकतंत्र पर हमला" बताते हुए कहा, "यह कोई मजाक नहीं है। चुनाव आयोग को इस पर जवाब देना चाहिए।" उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदन के अंदर और बाहर संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं, एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने कहा, "जब तक यह मुद्दा हल नहीं होता, विरोध जारी रहेगा। मताधिकार हर भारतीय का मौलिक अधिकार है। चुनाव आयोग या किसी भी संस्था को यह अधिकार नहीं कि वह इसे छीने।"
राहुल गांधी के आरोपों और कांग्रेस की इस आक्रामक रणनीति ने चुनावी माहौल में नया राजनीतिक टकराव खड़ा कर दिया है।
 
                             
    .jpg) 
     
     
     
    