अशोक मित्तल पर ईडी की कार्रवाई से सियासत गरमाई, आप ने कहा—भाजपा का चुनावी ड्रामा

  • Post By Admin on Apr 15 2026
अशोक मित्तल पर ईडी की कार्रवाई से सियासत गरमाई, आप ने कहा—भाजपा का चुनावी ड्रामा

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके परिजनों से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को भारतीय जनता पार्टी की साजिश करार देते हुए इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया है।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के समय केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि यह एक तय पैटर्न है, जिसमें पहले ईडी और सीबीआई की कार्रवाई होती है, फिर अन्य राजनीतिक गतिविधियां तेज होती हैं।

वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां-जहां चुनाव होते हैं, वहां भाजपा पहले अपनी एजेंसियों को सक्रिय कर देती है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भी यही रणनीति अपनाई जा रही है, लेकिन इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा जनता के बीच अपनी पकड़ खो चुकी है, इसलिए एजेंसियों के सहारे चुनावी माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया।

आप नेताओं का कहना है कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है, जबकि भाजपा की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ईडी की इस छापेमारी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।