केजरीवाल के बंगले पर अवध ओझा की टिप्पणी वायरल, कहा राजा को महल में ही रहना पड़ता है

  • Post By Admin on Dec 13 2024
केजरीवाल के बंगले पर अवध ओझा की टिप्पणी वायरल, कहा राजा को महल में ही रहना पड़ता है

नई दिल्ली : प्रतियोगी परीक्षाओं के शिक्षक और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) से पटपड़गंज सीट पर प्रत्याशी बने हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी राय दी है। ओझा ने इस विवाद को खारिज करते हुए कहा कि "राजा को महल में ही रहना पड़ता है।"

एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में ओझा से पूछा गया था कि भाजपा ने सीएम आवास का वीडियो शेयर करते हुए केजरीवाल के पुराने बयान का जिक्र किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि वह न तो गाड़ी लेंगे, न बंगला। इस पर ओझा ने कहा, "मैंने तो वह आवास देखा नहीं है, लेकिन प्रभु राम जब जंगल से तपस्या करके लौटे, तो राजा को महल में ही रहना पड़ता है। राजा का एक आवास होता है। अगर प्रभु राम जंगल में महल बनाते तो लोग कहते कि यह कौन सी तपस्या है।"

ओझा ने आगे कहा, "मुख्यमंत्री का एक प्रोटोकॉल होता है, वह एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाएंगे तो उनका एक आधिकारिक आवास होना जरूरी है। इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।" उन्होंने केजरीवाल की निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए कहा, "अगर अरविंद केजरीवाल व्यक्तिगत जीवन में जाएंगे, तो वह झोपड़ी में भी रह सकते हैं। वह बहुत साधारण, सरल और सादगी पसंद इंसान हैं। लेकिन एक मुख्यमंत्री के साथ कुछ चीजें जुड़ी होती हैं, इसलिए वह मुख्यमंत्री आवास में रहते हैं।" ओझा की यह बात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है और कई लोगों ने इसे लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।