कॉमेडी लवर्स के लिए खुशखबरी : गोलमाल 5 समेत हेरा फेरी 3 और स्त्री 3 जल्द मचाएंगी थिएटर्स में धमाल
- Post By Admin on Jun 18 2025
.jpg)
मुंबई : बॉलीवुड की पॉपुलर कॉमेडी और हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे इंतज़ार के बाद 'गोलमाल 5' की तैयारी तेज़ हो गई है और रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म 2026 की शुरुआत में फ्लोर पर जाएगी और 2027 की पहली छमाही में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
डायरेक्टर रोहित शेट्टी इस बार भी अपनी सुपरहिट टीम के साथ धमाका करने जा रहे हैं। अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े और जॉनी लीवर जैसे चहेते चेहरे इस पार्ट में भी कॉमिक पंच लेकर लौटेंगे। स्क्रिप्ट पर फिलहाल काम जारी है, जिसे सितंबर 2025 तक लॉक कर लिया जाएगा। रोहित शेट्टी फिलहाल जॉन अब्राहम के साथ राकेश मारिया की बायोपिक में व्यस्त हैं, जिसके बाद वे 'गोलमाल 5' की शूटिंग शुरू करेंगे।
इसी के साथ कॉमेडी और कोर्टरूम ड्रामा का तड़का लगाने आ रही है ‘जॉली एलएलबी 3’, जिसमें अक्षय कुमार और अरशद वारसी आमने-सामने नज़र आएंगे। फिल्म में अमृता राव, हुमा कुरैशी, सौरभ शुक्ला और अन्नू कपूर भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखेंगे। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को 19 सितंबर 2025 को रिलीज किया जाएगा।
वहीं, ‘स्त्री’ फ्रेंचाइज़ी की तीसरी किस्त की भी पुष्टि हो गई है। श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी एक बार फिर अपने अपने किरदारों में दिखेंगे, जबकि अक्षय कुमार एक नए खलनायक के रूप में एंट्री करेंगे। 'स्त्री 3' को अगस्त 2027 में रिलीज किया जाएगा और यह 'स्त्री 2' के क्लाइमेक्स से आगे की कहानी को दिखाएगी।
कॉमेडी की दुनिया में एक और धमाका ‘वेलकम टू द जंगल’ भी कर सकता है। यह वेलकम सीरीज का तीसरा भाग है, जिसे 26 दिसंबर 2025 को रिलीज किया जाएगा। अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का भी फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
‘हेरा फेरी 3’ को लेकर भी अच्छी खबर है। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी एक बार फिर फुल ऑन कॉमेडी लेकर लौटेगी। प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 2026 में शूटिंग पूरी कर 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।
बॉलीवुड में आने वाले दो वर्षों में कॉमेडी और हॉरर-कॉमेडी का जबरदस्त तड़का लगने वाला है। बड़े सितारों की वापसी और सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी के नए पार्ट्स के साथ दर्शकों को हँसी, रोमांच और पुरानी यादों का ज़बरदस्त मिक्स मिलने वाला है।