धुरंधर फ्रेंचाइजी का जलवा, दोनों फिल्मों ने मिलकर 3000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया

  • Post By Admin on Apr 14 2026
धुरंधर फ्रेंचाइजी का जलवा, दोनों फिल्मों ने मिलकर 3000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया

मुंबई : जियो स्टूडियोज की बहुचर्चित फिल्म श्रृंखला ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने मिलकर वैश्विक स्तर पर 3000 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

फिल्म के पहले भाग ‘धुरंधर’ ने वर्ष 2025 में रिलीज के बाद दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार किया था। वहीं घरेलू बाजार में भी इस फिल्म ने 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन दर्ज किया।

इसके बाद रिलीज हुई ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने सफलता के नए आयाम स्थापित करते हुए 1700 करोड़ रुपए से अधिक की वैश्विक कमाई की। इस फिल्म ने एक ही भाषा में 1000 करोड़ रुपए से अधिक नेट कलेक्शन करने वाली पहली भारतीय फिल्म बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। दोनों फिल्मों ने मिलकर 3000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर भारतीय सिनेमा में एक नई उपलब्धि हासिल की है। इसे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बड़ी वैश्विक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

इस फिल्म श्रृंखला का निर्माण जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने किया है। निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म को बड़े बजट और फ्रेंचाइजी मॉडल के नए दौर के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें एक ही कहानी को दो हिस्सों में पेश कर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई गई। एक्शन, दमदार कहानी और भव्य प्रस्तुति के कारण यह श्रृंखला देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दर्शकों की पसंद बनी हुई है।