मुंबई में इन्वेस्टर्स मीट में पीयूष गोयल ने निवशकों को दिया बिहार में निवेश करने का न्योता
- Post By Admin on Sep 14 2024

मुंबई : शुक्रवार को मुंबई में आयोजित बिहार इन्वेस्टर्स मीट में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने निवेशकों को बिहार में निवेश करने का न्योता देते हुए कहा कि बिहार में निवेश के लिए दृढ़ इरादे से जाना चाहिए। यदि निवेशक बिहार जाने में देरी करते हैं, तो उन्हें भविष्य में अधिक लागत का सामना करना पड़ सकता है। निवेशक सम्मेलन में मुंबई के दर्जनों उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इसमें बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा भी मौजूद रहे।
पीयूष गोयल ने कहा कि बिहार उन छिपे हुए रत्नों में से एक है, जिसे दुनिया ने नहीं खोजा है। उन्होंने उद्योग जगत से जल्द ही बिहार जाने का आग्रह किया। मंत्री ने कहा कि भाजपा समर्थित नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने उद्योग जगत के लिए बिहार की अपार संभावनाओं को प्रदर्शित किया है और विश्वास जताया कि वित्तीय राजधानी के निवेशक राज्य में निवेश करना पसंद करेंगे। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत के दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले राज्य में युवा आबादी सहित कई फायदे हैं।
बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने भी समारोह में निवेशकों से बिहार में निवेश करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार अपार संभावनाओं वाला राज्य है। यहां कुशल मानवबल मौजूद है। राजनीतिक स्थिरता है। बिहार में कानून व्यवस्था का राज है। बिहार में निवेश के लायक बेहतर माहौल है। निवेशकों को सरकार की तरफ से सुविधाएं दी जा रही हैं। निवेशक इसे पसंद कर रहे हैं। उन्होंने निवेशकों से अपील करते हुए कहा कि आप बिहार की सफलता की कहानी का हिस्सा बनें। भारत के भविष्य को आकार देने में हमारी मदद करें।
उन्होंने बिहार सरकार की तरफ से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। हाल में बनी औद्योगिक नीतियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने दिसम्बर में पटना में होने वाले निवेशक सम्मेलन में आने का न्यौता देते हुए कहा कि बिहार भारत का ग्रोथ इंजन बनने को तैयार है। राज्य अपनी निर्माण क्षमताएं बढ़ा रहा है। औद्योगिक नक्शे पर अपनी पहचान बना रहा है। इसलिए निवेशक बिहार में अपना उद्यम लगाएं।
उद्योग विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी ने कहा कि निवेशकों के लिए बिहार आने का यह सही समय है। उन्होंने कहा कि बिहार एक महत्वपूर्ण निवेश स्थल बनने को तैयार है। समारोह में उद्योग निदेशक आलोक रंजन घोष भी मौजूद रहे