भारत बना अमेरिका का सबसे बड़ा स्मार्टफोन सप्लायर, 11 साल में उत्पादन 6 गुना बढ़ा : अश्विनी वैष्णव

  • Post By Admin on Aug 10 2025
भारत बना अमेरिका का सबसे बड़ा स्मार्टफोन सप्लायर, 11 साल में उत्पादन 6 गुना बढ़ा : अश्विनी वैष्णव

मुंबई : केंद्रीय रेल एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को कहा कि भारत अब अमेरिका का सबसे बड़ा स्मार्टफोन सप्लायर बन गया है और बीते 11 वर्षों में देश का इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन 6 गुना बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया है।

बेंगलुरु में मेट्रो परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान वैष्णव ने बताया कि इसी अवधि में इलेक्ट्रॉनिक निर्यात 8 गुना बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने कहा, “भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता है।”

वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में अमेरिका में आयात किए गए सभी स्मार्टफोन में भारत की हिस्सेदारी 44% रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में सिर्फ 13% थी। चीन में असेंबल होने वाले स्मार्टफोन शिपमेंट में आई गिरावट का सबसे अधिक लाभ भारत को मिला, खासकर एप्पल की ‘चाइना प्लस वन’ रणनीति के तहत।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2014 में देश में सिर्फ 2 मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स थीं, जो अब बढ़कर 300 हो चुकी हैं। 2014 में जहां केवल 26% मोबाइल फोन का स्थानीय स्तर पर निर्माण होता था, वहीं अब यह आंकड़ा 99.2% तक पहुंच गया है। वित्त वर्ष 2014 में 18,900 करोड़ रुपए मूल्य के मोबाइल फोन का उत्पादन होता था, जो वित्त वर्ष 2024 में बढ़कर 4.22 लाख करोड़ रुपए हो गया।

मोबाइल फोन का शुद्ध निर्यात भी वित्त वर्ष 2018 के 0.2 अरब डॉलर से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में 24.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वैष्णव ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वैश्विक टेक्नोलॉजी हब बनाने के विजन और वैश्विक बाजार में देश की बढ़ती प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति का परिणाम बताया।