अडानी ग्रुप को लगा बड़ा झटका, मिलियन डॉलर की पावर डील रद्द 

  • Post By Admin on Jan 24 2025
अडानी ग्रुप को लगा बड़ा झटका, मिलियन डॉलर की पावर डील रद्द 

गौतम अडानी के नेतृत्व वाले अडानी ग्रुप को एक बड़ा झटका लगा है। श्रीलंका सरकार ने अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के साथ की गई 440 मिलियन डॉलर की पावर परचेज डील को रद्द कर दिया है। इस फैसले का असर ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों पर भी पड़ा, जिससे उनके शेयरों में भारी गिरावट देखी गई।

क्या है पूरा मामला?

श्रीलंका के प्रमुख बिजनेस न्यूजपेपर डेली एफटी की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा डिसनायके के नेतृत्व में कैबिनेट ने मन्नार और पूनरिन में विंड एनर्जी प्लांट के निर्माण का कॉन्ट्रैक्ट अडानी ग्रीन एनर्जी एसएल लिमिटेड को देने के पहले के फैसले को पलट दिया है। इसके साथ ही, पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) भी निरस्त कर दिया गया है।

राष्ट्रपति डिसनायके ने अपने चुनावी अभियान के दौरान इस डील को रद्द करने और श्रीलंका में विंड एनर्जी के विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय निविदाएं आमंत्रित करने का वादा किया था। अब अपने वादे पर अमल करते हुए, कैबिनेट ने मई 2024 में लिए गए पुराने फैसले को रद्द कर दिया है।

अमेरिका में लगे आरोपों से जुड़ा मामला?

इस डील को रद्द करने के पीछे अमेरिका में अडानी ग्रुप पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को भी एक वजह बताया जा रहा है। ब्लूमबर्ग और AFP की रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी और उनकी कंपनी के शीर्ष अधिकारियों पर लगे आरोपों के चलते श्रीलंका की नई सरकार ने अडानी ग्रुप के स्थानीय प्रोजेक्ट्स की जांच शुरू की थी।

जांच के बाद सरकार ने पूरे प्रोजेक्ट की समीक्षा के लिए एक विशेष समिति गठित की। जिसने डील को रद्द करने की सिफारिश की। अब यह समिति अडानी ग्रीन एनर्जी के प्रोजेक्ट्स और श्रीलंका में अन्य निवेशों की गहन समीक्षा करेगी।

अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट

इस खबर का अडानी ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों पर नकारात्मक असर पड़ा।

अडानी ग्रीन एनर्जी: शेयर 6% गिरकर 1008 रुपये तक आ गया।

अडानी एंटरप्राइजेज: लगभग 3% गिरावट, बंद हुआ 2318 रुपये पर।

अडानी पोर्ट्स: 1% की गिरावट, शेयर 1093.90 रुपये पर बंद।

अडानी पावर: 1.27% गिरकर 514.90 रुपये पर पहुंचा।

अडानी एनर्जी सॉल्यूशन: 2.57% गिरावट, शेयर 789.95 रुपये पर बंद।

अडानी टोटल गैस: 2.62% गिरकर 641 रुपये पर बंद।

अडानी विल्मर: 3.71% गिरावट, शेयर 251.85 रुपये पर आ गया।