जेलेंस्की ने रूस पर लगाया आरोप, कहा- शांति वार्ता से पहले जानबूझकर किया यूक्रेन पर हमला
- Post By Admin on Aug 18 2025
.jpg)
कीव : यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष जारी है, और इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वाशिंगटन में होने वाली शांति वार्ता से पहले रूस ने यूक्रेन पर फिर हमला किया। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर इस हमले की जानकारी दी और इसे जानबूझकर कूटनीतिक प्रयासों को कमजोर करने वाला बताया।
जेलेंस्की ने कहा कि खार्किव, जापोरिज्जिया, सूमी और ओडेसा पर रूस के हमलों में कई नागरिक मारे गए हैं। खार्किव में ड्रोन हमले में सात लोग, जिनमें डेढ़ साल की बच्ची शामिल है, शहीद हुए, जबकि जापोरिज्जिया में मिसाइल हमले में तीन की मौत और 20 लोग घायल हुए। ओडेसा में अजरबैजान की कंपनी के ऊर्जा केंद्र पर हमला किया गया। जेलेंस्की ने जोर देकर कहा कि रूस जानबूझकर नागरिकों, विशेषकर बच्चों को निशाना बना रहा है ताकि वार्ता और कूटनीतिक प्रयास कमजोर हों।
उन्होंने कहा, "रूस को युद्ध के लिए पुरस्कृत नहीं किया जाना चाहिए। मॉस्को पर दबाव बनाना और युद्ध समाप्त करना अब हमारी प्राथमिकता है।" जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ होने वाली बैठक में यूक्रेन, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, फिनलैंड, यूरोपीय संघ और नाटो के नेता शामिल होंगे और सभी की साझा इच्छा शांति और सुरक्षा की है।
इससे पहले, व्हाइट हाउस में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ' पर लिखा कि यह एक महत्वपूर्ण दिन होगा, जब इतने सारे यूरोपीय नेता एक साथ मिलेंगे और उनकी मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है।
यूक्रेन-रूस संघर्ष की यह नई कड़ी ऐसे समय आई है जब वैश्विक नेता शांति वार्ता की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। जेलेंस्की ने इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समर्थन की अपील की और कहा कि रूस को कूटनीतिक दबाव के माध्यम से ही युद्ध रोकने के लिए मजबूर किया जा सकता है।