मिडल-ईस्ट में बढ़ा युद्ध संकट, दुबई- अबू धाबी एयरपोर्ट बंद, खाड़ी देशों में हाई अलर्ट
- Post By Admin on Mar 01 2026
दुबई: इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने पूरे मध्य-पूर्व को अस्थिर कर दिया है। इजरायली हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सार्वजनिक होने के बाद तेहरान की ओर से क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर तीव्र जवाबी हमले शुरू कर दिए गए। इन हमलों का सबसे बड़ा असर संयुक्त अरब अमीरात पर देखने को मिला, जहां दुबई और अबू धाबी समेत कई शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
बताया जा रहा है कि दुबई के प्रतिष्ठित पाम क्षेत्र में एक मिसाइल गिरने से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और कम से कम चार लोग घायल हो गए। अबू धाबी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले की भी पुष्टि हुई, जिसमें एक नागरिक की मौत की खबर है। एहतियातन दुबई, अबू धाबी और दोहा के हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। खाड़ी देशों ने अपने एयर स्पेस को भी बंद कर दिया है, जिससे हजारों यात्री विभिन्न एयरपोर्ट्स पर फंसे हुए हैं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जिसे दुनिया के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय हब में गिना जाता है, को हुए नुकसान के बाद उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। ईरान ने ओमान के दुक्म बंदरगाह को भी निशाना बनाया, जिस पर खाड़ी सहयोग परिषद के महासचिव जासेम अल-बुदैवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा और अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया। ओमान के तट पर एक तेल टैंकर को निशाना बनाए जाने की भी निंदा की गई है।
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के सलाहकार अनवर गरगाश ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि खाड़ी देशों के खिलाफ आक्रामकता से क्षेत्र की स्थिरता कमजोर हो रही है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि “आपकी लड़ाई अपने पड़ोसियों से नहीं है” और ईरान से संयम बरतने की अपील की। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भी जोरदार धमाकों की खबर है। वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरानी नागरिकों से सड़कों पर उतरकर सत्ता परिवर्तन की अपील की है, जिससे तनाव और बढ़ गया है। तनाव के बीच मध्य-पूर्व में रह रहे भारतीय नागरिकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई उड़ानों के रद्द होने से लोग दुबई, अबू धाबी और कुवैत में फंसे हैं। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से शांत रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है। बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं।
मध्य-पूर्व में तेजी से बिगड़ते हालात ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि कूटनीतिक प्रयास कितनी जल्दी तनाव कम कर पाते हैं और क्या एयर स्पेस दोबारा सामान्य रूप से खोला जा सकेगा।
• खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है...