पोस्ट-क्वांटम सुरक्षा और साइबर अपराध पर अमेरिका-जापान ने बनाई संयुक्त रणनीति

  • Post By Admin on Jul 04 2026
पोस्ट-क्वांटम सुरक्षा और साइबर अपराध पर अमेरिका-जापान ने बनाई संयुक्त रणनीति

वाशिंगटन : अमेरिका और जापान ने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई है। वाशिंगटन में आयोजित दो दिवसीय 11वें अमेरिका-जापान साइबर संवाद (यूएस-जापान साइबर डायलॉग) के दौरान दोनों देशों ने खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को बढ़ाने, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा मजबूत करने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साइबर अपराध से संयुक्त रूप से निपटने और पोस्ट-क्वांटम क्रिप्टोग्राफी को तेजी से अपनाने का संकल्प लिया।

30 जून और 1 जुलाई को आयोजित इस वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों ने साइबर खतरों से निपटने के लिए आपसी समन्वय और तकनीकी सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया। बैठक की मेजबानी अमेरिका ने की। इसकी सह-अध्यक्षता अमेरिकी विदेश विभाग के ब्यूरो ऑफ इमर्जिंग थ्रेट्स तथा ब्यूरो ऑफ ईस्ट एशियन एंड पैसिफिक अफेयर्स ने की, जबकि जापान की ओर से विदेश मंत्रालय और नेशनल साइबर सिक्योरिटी ऑफिस ने नेतृत्व किया।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद, राष्ट्रीय साइबर निदेशक कार्यालय, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक कार्यालय, रक्षा विभाग, न्याय विभाग, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई), गृह सुरक्षा विभाग, साइबर सिक्योरिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी एजेंसी, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्टैंडर्ड्स एंड टेक्नोलॉजी तथा फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

वहीं जापान के प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्रालय के अलावा आंतरिक मामलों एवं संचार मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, नेशनल पुलिस एजेंसी और पब्लिक सिक्योरिटी इंटेलिजेंस एजेंसी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संयुक्त बयान में दोनों देशों ने उभरते साइबर खतरों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने और सुरक्षित डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी सहयोग को और व्यापक बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।