ट्यूलिप सिद्दीक ने दिया मंत्री पद से इस्तीफा, युनुस सरकार ने उठाए थे सवाल
- Post By Admin on Jan 15 2025
.jpg)
ब्रिटेन की वित्त मंत्री और लेबर पार्टी की सांसद ट्यूलिप सिद्दीक ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।शेख हसीना की भतीजी सिद्दीक पर लंदन में अपनी संपत्तियों को लेकर पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों के बाद सिद्दीक ने अपने पद से इस्तीफा देना उचित समझा।
सिद्दीक ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीअर स्टार्मर को लिखे अपने इस्तीफे में कहा कि उन्होंने हमेशा अधिकारियों की सलाह और पारदर्शिता के साथ काम किया है। हालांकि, इन विवादों के चलते उन्होंने मंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह आगे भी पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करती रहेंगी।
प्रधानमंत्री कीअर स्टार्मर ने सिद्दीक का इस्तीफा स्वीकार करते हुए कहा कि उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितता या किसी मंत्रिस्तरीय नियमों के उल्लंघन का कोई सबूत नहीं मिला है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा सरकार के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से दिया गया है।
सिद्दीक के इस्तीफे के बाद लेबर पार्टी की सांसद एम्मा रेनॉल्ड्स को नया वित्त मंत्री नियुक्त किया गया है। डाउनिंग स्ट्रीट ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सिद्दीक के इस्तीफे की पटकथा उस समय लिखी गई थी जब बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार विवादित तरीके से गिराई गई थी। शेख हसीना के साथ उनके पारिवारिक संबंध भी इस इस्तीफे की बड़ी वजह माने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि शेख हसीना इस समय भारत में हैं। भारत में उन्हें राजनीतिक शरण दी गई है।