प्लेन क्रैश में कांग्रेस सदस्य सहित 15 यात्रियों की मौत, पूरे देश में शोक की लहर
- Post By Admin on Jan 30 2026
कोलंबिया : कोलंबिया में बुधवार को एक दर्दनाक विमान दुर्घटना में एक कांग्रेस सदस्य समेत कुल 15 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उत्तर-पूर्वी कोलंबिया के नॉर्टे डी सेंटेंडर प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में हुआ, जहां एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद सरकारी एयरलाइन सतेना की ओर से राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया था। बाद में कोलंबिया के परिवहन मंत्रालय ने पुष्टि की कि विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।
जानकारी के अनुसार, रजिस्ट्रेशन नंबर वाय4709 वाला यह विमान स्थानीय समयानुसार सुबह 11:42 बजे कुकुटा हवाई अड्डे से ओकाना के लिए रवाना हुआ था। ओकाना पहाड़ों से घिरा शहर है और यह उड़ान आमतौर पर करीब 40 मिनट की होती है। सतेना ने बताया कि उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था।
एयरलाइन के अनुसार, विमान में दो क्रू मेंबर और 13 यात्री सवार थे। यात्रियों में कैटाटुम्बो क्षेत्र से हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के 36 वर्षीय सदस्य डियोजेनेस क्विंटरो भी शामिल थे, जो एक प्रसिद्ध मानवाधिकार रक्षक और पेशे से वकील थे। क्विंटरो को वर्ष 2022 में निचले सदन के प्रतिनिधि के रूप में चुना गया था, ताकि दशकों लंबे सशस्त्र संघर्ष से प्रभावित लोगों की आवाज संसद तक पहुंचाई जा सके।
हादसे के बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं ने क्विंटरो को एक समर्पित जननेता बताते हुए उनकी असमय मौत पर गहरा दुख जताया।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।