पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, बच्चों समेत 8 लोगों की मौत
- Post By Admin on Jul 23 2026
इस्लामाबाद : पाकिस्तान में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पंजाब प्रांत के गुजरांवाला, नारोवाल, पाकपत्तन, गुजरात और लाहौर समेत कई इलाकों में भारी बारिश के कारण अलग-अलग हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। लगातार बारिश से कई शहरों में सड़कें जलमग्न हो गईं और सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, गुजरांवाला में सबसे अधिक छह लोगों की मौत हुई, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। वहीं, 10 लोग घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव एजेंसियों ने बताया कि अधिकांश मौतें मकानों की छत और दीवार गिरने, तालाब में डूबने तथा करंट लगने जैसी घटनाओं में हुईं। गुजरात जिले में जीटी रोड बाईपास पर बारिश के कारण फिसलकर एक ट्रेलर खाई में गिर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पाकपत्तन में एक मकान की छत गिरने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां घायल हो गईं। दूसरी ओर, लाहौर के गुलशन-ए-रावी क्षेत्र में एक फैक्ट्री की छत ढहने से चार मजदूर घायल हो गए।
गुजरात और गुजरांवाला में करीब 10 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद मुख्य सड़कें, बाजार और रिहायशी इलाके पानी में डूब गए। व्यावसायिक गतिविधियां ठप हो गईं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, गुजरांवाला में मेट्रो बस कॉरिडोर निर्माण के लिए जीटी रोड पर चल रही खुदाई ने जलभराव की समस्या को और गंभीर बना दिया। इससे पहले सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भी मूसलाधार बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। खैबर, मर्दान और बाजौर समेत कई जिलों में नौ लोगों की मौत हुई थी। बादल फटने और फ्लैश फ्लड के कारण सड़कें, पुल, मकान, दुकानें, फसलें, मछली फार्म और सार्वजनिक ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बिजली और संचार सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
रेस्क्यू 1122 के अधिकारियों के अनुसार, लांडी कोटल में दो युवकों के शव बरामद किए गए, जबकि जमरूद के विभिन्न इलाकों से एक महिला और एक बच्चे समेत चार लोगों के शव मिले। मर्दान में मकान की छत गिरने से दो बच्चों की मौत हुई, जबकि बाजौर में एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई। खैबर जिले में बाढ़ के पानी में फंसे एक व्यक्ति का मदद मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लेकिन तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गया। वहीं, पाकिस्तान-अफगानिस्तान राजमार्ग भी कई घंटों तक बंद रहा, क्योंकि नौ स्थानों पर बाढ़ का पानी सड़क पर फैल गया था। स्थानीय लोगों की मदद से बाढ़ में फंसे कई वाहन चालकों और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।