टोक्यो : पीएम मोदी ने की 16 प्रांतों के राज्यपालों से मुलाकात, भारत-जापान दोस्ती में सहयोग पर जोर
- Post By Admin on Aug 30 2025

टोक्यो : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को टोक्यो में जापान के 16 प्रांतों के राज्यपालों से मुलाकात की और कहा कि भारत-जापान मैत्री को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में राज्यों और प्रांतों के बीच सहयोग एक अहम स्तंभ है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में 15वें वार्षिक भारत-जापान शिखर सम्मेलन के दौरान विशेष पहल शुरू की गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "टोक्यो में जापान के 16 प्रांतों के राज्यपालों से बातचीत की। राज्य-प्रांत साझेदारी भारत-जापान मित्रता का महत्वपूर्ण स्तंभ है। ट्रेड, इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।"
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य-प्रांत सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया और साझा प्रगति के लिए तेजी से कार्रवाई करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान टेक्नोलॉजी, इन्वेस्टमेंट, स्किल डेवलपमेंट, एसएमई और स्टार्टअप सेक्टर में साझेदारी को गहरा करने पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान भारत और जापान के बीच 13 अहम समझौते हुए, जिनमें टेक्नोलॉजी, इन्वेस्टमेंट, स्टार्टअप, स्किल और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति बनी। मोदी ने अपने दौरे को ‘सार्थक’ बताते हुए लिखा, "यह यात्रा सकारात्मक परिणामों से भरी रही। आने वाले समय में भारत-जापान मित्रता नई ऊंचाइयों को छुएगी।"