सूडान : सोने की खदान ढहने से 11 की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

  • Post By Admin on Jul 01 2025
सूडान : सोने की खदान ढहने से 11 की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

खार्तूम : सूडान के उत्तर-पूर्वी रेड सी स्टेट में स्थित एक पारंपरिक सोने की खदान केर्श अल-फील में बड़ा हादसा हो गया। खदान ढहने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 7 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी सूडान की सरकारी खनिज संसाधन कंपनी ने एक बयान में दी।

बताया जा रहा है कि यह खदान अत्बारा और हाया शहरों के बीच हौएद इलाके में स्थित थी। हालांकि हादसे की तारीख का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन कंपनी ने स्वीकार किया है कि सुरक्षा कारणों से खदान को पहले ही बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया था।

पहले ही जारी हो चुकी थी चेतावनी

सरकारी कंपनी ने दावा किया कि खदान में कार्य पर रोक लगाई जा चुकी थी और इसके खतरों को लेकर संबंधित पक्षों को चेतावनी भी दी गई थी। बावजूद इसके, खनन गतिविधियां जारी थीं। हादसे के बाद कंपनी ने सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की बात कही है और खनिकों से पर्यावरण एवं सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

सूडान में पारंपरिक खनन की स्थिति चिंताजनक

सूडान में सोने का एक बड़ा हिस्सा पारंपरिक तरीकों से निकाला जाता है, जहां सुरक्षा के मानक बेहद कमजोर हैं और बुनियादी ढांचे की हालत खस्ताहाल है। यही वजह है कि ऐसे जानलेवा हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं। सूडान की वर्तमान राजनीतिक अस्थिरता और युद्धग्रस्त स्थिति ने हालात को और भी भयावह बना दिया है।

यूएई से जुड़े आरोपों की भी चर्चा

सूत्रों के अनुसार, सूडान से सोने का अधिकांश व्यापार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के माध्यम से होता है। हालांकि, यूएई पर रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) को हथियार देने के आरोप भी लगते रहे हैं, जिन्हें वह खारिज करता आया है।

2024 में 64 टन सोने का उत्पादन

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2024 में सूडान में कुल 64 टन सोना उत्पादित हुआ। देश में करीब 15 लाख पारंपरिक खनिक काम करते हैं, जो कुल उत्पादन का लगभग 80% हिस्सा निकालते हैं।

इस हादसे ने एक बार फिर सूडान में पारंपरिक खनन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।