समुद्र की गहराइयों में तेज हलचल : दक्षिण चीन सागर में 7.1 तीव्रता का भूकंप

  • Post By Admin on Feb 23 2026
समुद्र की गहराइयों में तेज हलचल : दक्षिण चीन सागर में 7.1 तीव्रता का भूकंप

गुआंगज़ौ : दक्षिण चीन सागर में सोमवार तड़के 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे समुद्र का अंतस्तल तक कांप उठा। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 12:57 बजे दर्ज किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मलेशिया के बोर्नियो द्वीप स्थित साबाह राज्य में कोटा बेलुड से करीब 55-62 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में समुद्र के भीतर था। भूकंप की गहराई लगभग 620 किलोमीटर बताई गई है, जो इसे अत्यंत गहरा भूकंप बनाती है। अधिक गहराई के कारण सतह पर इसका प्रभाव सीमित रहा, हालांकि झटके व्यापक क्षेत्र में महसूस किए गए।

साबाह की राजधानी कोटा किनाबालु, कुडाट और आसपास के इलाकों में हल्के से मध्यम झटके महसूस किए गए। सरावाक के कुछ हिस्सों में भी कंपन दर्ज की गई। यहां तक कि सिंगापुर के तोआ पायोह और पुनगोल क्षेत्रों में भी लोगों ने हल्की कंपन्न महसूस होने की सूचना दी। कई स्थानों पर घरों और कार्यालयों में रखी वस्तुएं हिलती नजर आईं।

हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है और न ही किसी प्रकार की सुनामी चेतावनी जारी की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि गहराई अधिक होने के कारण संभावित विनाश टल गया। हाल के वर्षों में साबाह के निकट यह सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है।

स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।