श्रीलंका : पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे गिरफ्तार, सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप
- Post By Admin on Aug 22 2025

कोलंबो : श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को शुक्रवार को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने गिरफ्तार कर लिया। वे सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों के संबंध में बयान दर्ज कराने कोलंबो स्थित सीआईडी कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
श्रीलंकाई मीडिया के अनुसार, यह मामला सितंबर 2023 में उनकी लंदन यात्रा से जुड़ा है, जब वे अपनी पत्नी प्रोफेसर मैत्री विक्रमसिंघे के वॉल्वरहैम्प्टन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए थे। जांचकर्ताओं का दावा है कि इस यात्रा और सुरक्षा खर्चों के लिए सरकारी धन का उपयोग किया गया।
पूर्व राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनकी पत्नी ने अपने खर्च खुद उठाए और किसी सार्वजनिक धन का दुरुपयोग नहीं हुआ। सीआईडी ने पहले फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट में साक्ष्य पेश किए थे और उनके पूर्व निजी सचिव सैंड्रा परेरा तथा पूर्व राष्ट्रपति सचिव समन एकनायके के बयान दर्ज किए थे।
शुक्रवार सुबह चार घंटे से अधिक समय तक बयान दर्ज कराने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया और जल्द ही फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किए जाने की उम्मीद है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विक्रमसिंघे ने जुलाई 2022 में गोटाबाया राजपक्षे के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति पद संभाला था, लेकिन सितंबर 2024 में चुनाव हार गए। वे श्रीलंका के इतिहास में गिरफ्तार होने वाले पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं।