दक्षिण-पूर्व एशिया में युद्ध की आहट : थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर रॉकेट हमले, 9 की मौत
- Post By Admin on Jul 24 2025

बैंकॉक : दुनिया पहले ही रूस-यूक्रेन और मध्य-पूर्व के संघर्षों से जूझ रही है, और अब एशिया में एक और युद्ध की आहट सुनाई दे रही है। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है, जहां दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ चुकी हैं। भीषण गोलीबारी और रॉकेट हमलों की खबरों के बीच अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
गैस स्टेशन पर हमला, बच्चों की भी मौत की आशंका
आरटी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, कंबोडिया ने थाईलैंड के एक गैस स्टेशन पर क्चरू-21 रॉकेट से हमला कर उसे पूरी तरह तबाह कर दिया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। इस हमले में स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मरने वालों की आधिकारिक संख्या 9 बताई जा रही है।
जमीन पर लेटे दिखे सैनिक, अमेरिकी दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में थाई सैनिकों को हमले के दौरान जमीन पर लेटे जान बचाते देखा गया। हालात बिगड़ते देख बैंकॉक स्थित अमेरिकी दूतावास ने थाईलैंड और कंबोडिया के सीमावर्ती इलाकों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। एडवाइजरी में लोगों से तत्काल संवेदनशील इलाकों से निकलने की अपील की गई है।
थाईलैंड का पलटवार, SN-16 से एयरस्ट्राइक का दावा
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय मीडिया में यह दावा किया जा रहा है कि थाईलैंड ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कंबोडिया की सीमा में SN-16 फाइटर जेट से एयरस्ट्राइक की है। हालांकि, इस हवाई हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है और इससे हुए नुकसान का विवरण भी सामने नहीं आया है।
क्षेत्रीय शांति पर खतरा, वैश्विक चिंता गहराई
दोनों देशों के बीच अचानक भड़की यह सैन्य झड़प दक्षिण-पूर्व एशिया की शांति के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखी है और क्षेत्रीय तनाव को शांतिपूर्वक सुलझाने की अपील की है।
यदि तनाव जल्द नहीं थमा, तो यह टकराव पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया को अस्थिर कर सकता है।