ईरान-इजरायल युद्ध के बीच भारतीयों की सुरक्षित वापसी शुरू, ईरान ने खोला हवाई क्षेत्र

  • Post By Admin on Jun 21 2025
ईरान-इजरायल युद्ध के बीच भारतीयों की सुरक्षित वापसी शुरू, ईरान ने खोला हवाई क्षेत्र

तेहरान : ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बीच भारत सरकार ने संकट में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। युद्धग्रस्त ईरान ने भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए विशेष हवाई गलियारा उपलब्ध कराया है, जिससे ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत सैकड़ों भारतीय छात्रों की स्वदेश वापसी शुरू हो गई है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, ईरान के विभिन्न शहरों—खासकर तेहरान—में फंसे भारतीय नागरिकों को एयरलिफ्ट करने के लिए भारतीय दूतावास और ईरानी प्रशासन के बीच लगातार समन्वय जारी है। बताया जा रहा है कि अगले दो दिनों में लगभग 1,000 भारतीय छात्रों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

निकासी का पहला जत्था शुक्रवार रात 11 बजे दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने वाला है, जबकि दूसरा जत्था शनिवार सुबह और तीसरा शनिवार शाम को दिल्ली पहुंचेगा। ईरान में फिलहाल करीब 4,000 भारतीय फंसे हुए हैं, जिनमें से लगभग आधे मेडिकल छात्र हैं।

इससे पहले 110 भारतीय छात्र सड़क मार्ग से तेहरान की सीमा पार कर आर्मेनिया के रास्ते भारत लाए जा चुके हैं। लगातार बिगड़ते हालातों के बीच भारत सरकार ने हालात पर कड़ी नजर रखते हुए ईरानी प्रशासन के सहयोग से विशेष निकासी अभियान को तेज कर दिया है।

गौरतलब है कि ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का आज आठवां दिन है। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही तनातनी अब पूर्ण सैन्य संघर्ष में बदल चुकी है। इस संघर्ष में अब तक ईरान में 150 से अधिक और इजरायल में 30 लोगों की मौत हो चुकी है।

युद्ध के चलते ईरानी हवाई क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बंद है, लेकिन भारत के लिए एक विशेष गलियारे की व्यवस्था की गई है जिससे संकट की घड़ी में भारतीयों की सुरक्षित वापसी संभव हो पाई है।

भारत सरकार की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है। विदेश मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय मिलकर इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।