ऑर्थोडॉक्स ईस्टर पर रूस-यूक्रेन के बीच 32 घंटे का युद्धविराम, दोनों देशों ने जताई सहमति
- Post By Admin on Apr 10 2026
मॉस्को/कीव : रूस और यूक्रेन ने ऑर्थोडॉक्स ईस्टर के अवसर पर 32 घंटे के लिए युद्धविराम लागू करने पर सहमति जताई है। इस दौरान दोनों देश एक-दूसरे पर कोई हमला नहीं करेंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि रूसी सैनिकों को सप्ताहांत के दौरान सभी मोर्चों पर गोलीबारी रोकने का आदेश दिया गया है।
क्रेमलिन के अनुसार ऑर्थोडॉक्स ईस्टर से पहले 11 अप्रैल की शाम 4 बजे से 12 अप्रैल की मध्यरात्रि तक युद्धविराम लागू रहेगा। रूसी रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलोसोव और सैन्य कमांडरों को इस अवधि में सभी क्षेत्रों में सैन्य कार्रवाई रोकने का निर्देश दिया गया है। हालांकि यह भी कहा गया है कि यदि दुश्मन की ओर से कोई आक्रामक कार्रवाई होती है तो रूसी सेना उसका जवाब देने के लिए तैयार रहेगी।
इस घोषणा के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने भी युद्धविराम के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पहले भी इस तरह की पहल का समर्थन करता रहा है और ईस्टर के दौरान शांति की दिशा में कदम उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रूस ईस्टर के बाद भी हमले दोबारा शुरू नहीं करेगा।
इस बीच क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास को बताया कि इस युद्धविराम प्रस्ताव को लेकर अमेरिका के साथ पहले से कोई चर्चा नहीं हुई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल इससे किसी त्रिपक्षीय शांति वार्ता के फिर से शुरू होने की संभावना नहीं है।
हालांकि जानकारी मिली है कि रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत किरिल दिमित्रीव अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ संभावित शांति समझौते और रूस-अमेरिका आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।