पुतिन को लगा बड़ा झटका, जैविक हमलों के मास्टरमाइंड इगोर किरिलोव की मौत
- Post By Admin on Dec 17 2024

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बड़ा झटका लगा है। रूस के रासायनिक और जैविक रक्षा बलों के प्रमुख इगोर किरिलोव की मौत हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मॉस्को में एक स्कूटर में रखे बम धमाके में उनकी जान चली गई। इस धमाके में उनके एक सहयोगी की भी मौत हो गई। धमाका इतना भीषण था कि आसपास की इमारतों के दरवाजे और खिड़कियां तक टूट गईं।
कौन थे इगोर किरिलोव?
इगोर किरिलोव को यूक्रेन में जैविक हमलों का मास्टरमाइंड कहा जाता था। उन पर 4800 से अधिक रासायनिक हमले कराने का आरोप है जिसमें ड्रोन और जहरीली गैसों से लैस ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया। पश्चिमी देशों ने भी किरिलोव पर यूक्रेन युद्ध के दौरान रासायनिक हथियारों के प्रयोग का आरोप लगाया था।
किरिलोव रूस के रासायनिक और जैविक हथियारों के प्रमुख थे और उन्हें 2017 में पुतिन ने इस विभाग की कमान सौंपी थी। वह पुतिन के करीबी माने जाते थे और अक्सर उनके साथ बैठकों में देखे जाते थे। ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने उन्हें "क्रेमलिन दुष्प्रचार का प्रवक्ता" करार दिया था।
यूक्रेन के निशाने पर थे किरिलोव
यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की शुरुआत से ही इगोर किरिलोव की बर्बर रणनीतियों के कारण वह यूक्रेन की सेना के निशाने पर थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेनी सेना लंबे समय से किरिलोव को ठिकाने लगाने की योजना बना रही थी।
जैविक हथियारों के दावे
किरिलोव ने युद्ध के दौरान कई बार यूक्रेन और अमेरिका के खिलाफ जैविक हथियारों से जुड़े आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया था कि अमेरिका यूक्रेन में जैविक हथियारों की प्रयोगशालाएं बना रहा है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।