प्रियंका चोपड़ा ने लगाई मदद की गुहार, कहा धूं धूं कर जल रहा कैलिफोर्निया

  • Post By Admin on Jan 16 2025
प्रियंका चोपड़ा ने लगाई मदद की गुहार, कहा धूं धूं कर जल रहा कैलिफोर्निया

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में लॉस एंजिल्स के जंगलों में लगी आग एक हफ्ते से अधिक समय से विकराल रूप ले चुकी है। जिससे हजारों लोग प्रभावित हो चुके हैं। अब तक इस भयानक आग में 25 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। जबकि कई अन्य अभी भी लापता हैं। आग ने 12,300 से ज्यादा इमारतों को खाक कर दिया है और लगभग 40,000 एकड़ से अधिक भूमि जलकर नष्ट हो चुकी है। इस भयावह आपदा में आम नागरिकों के साथ-साथ कई मशहूर हॉलीवुड सितारे भी प्रभावित हुए हैं। जिनके घर आग की चपेट में आकर पूरी तरह से जलकर राख हो गए हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने इस दर्दनाक घटना पर अपनी चिंता व्यक्त की है और पीड़ितों की मदद के लिए एक पोस्ट के जरिए लोगों से मदद की अपील की है। ग्लोबल आइकन के तौर पर पहचानी जाने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इस हादसे के बाद लगातार इसके अपडेट्स अपने सोशल मीडिया पर शेयर कर रही हैं। हाल ही में प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने लॉस एंजिल्स के लिए अपना प्यार और समर्थन व्यक्त किया।

प्रियंका चोपड़ा ने क्या कहा ?

प्रियंका चोपड़ा ने पोस्ट में लिखा, “मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं LA, मेरा दिल भारी है। मैं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए आभारी हूं, लेकिन हमारे कई दोस्त, सहकर्मी और बाकी लोग इस आग में सब कुछ खो बैठे हैं। इन आग ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है और पूरे समुदायों को तबाह कर दिया है। अब हमें मिलकर उनकी मदद करनी होगी। फायरफाइटर्स, पहले मदद देने वालों और वॉलंटियर्स को सलाम, जो अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की मदद कर रहे हैं। आप रियल हीरो हैं।”

प्रियंका ने आगे लिखा, “पिछले हफ्ते, मैंने कई GoFundMe पेज और संगठनों को देखा, जो पीड़ितों की मदद करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। अगर आप मदद कर सकते हैं और उन लोगों को दान देने की सोच रहे हैं। जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया है, तो आप @cafirefound, @baby2baby और @americanredcross जैसे संगठनों को भी सपोर्ट कर सकते हैं। हर छोटा-बड़ा योगदान मायने रखता है। ज्यादा जानकारी के लिए मेरे बायो में लिंक देखें।”

प्रियंका का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लाखों लोग उनके इस प्रयास को सराह रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा के इस कदम से यह स्पष्ट हो गया है कि वे न केवल एक ग्लोबल स्टार हैं, बल्कि मानवीय मूल्यों को भी बेहद अहमियत देती हैं।

आग से प्रभावित लोग और जगह

लॉस एंजिल्स में लगी यह भीषण आग अब तक लाखों लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर चुकी है। आग के कारण हजारों लोग बेघर हो गए हैं और 12,000 से ज्यादा इमारतें जलकर राख हो चुकी हैं। करीब 3.19 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर किया गया है। संकट की इस घड़ी में प्रियंका चोपड़ा जैसे सितारों के साथ-साथ कई अन्य लोग भी प्रभावितों की मदद के लिए सामने आए हैं।