पीएम मोदी और इशिबा ने भारतीय रेल चालकों से की भेंट, शिंकानसेन से पहुंचे सेंडाई

  • Post By Admin on Aug 30 2025
पीएम मोदी और इशिबा ने भारतीय रेल चालकों से की भेंट, शिंकानसेन से पहुंचे सेंडाई

टोक्यो : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान यात्रा पर हैं, जहां वे 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। इस दौरान शनिवार को पीएम मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने जेआर ईस्ट प्रशिक्षण केंद्र में भारतीय रेल चालकों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने प्रशिक्षणरत भारतीय चालकों का उत्साह बढ़ाया और भारत-जापान सहयोग की अहमियत पर जोर दिया।

जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "जेआर ईस्ट में प्रशिक्षण ले रहे भारतीय रेल चालकों से मेरा नमस्कार।" उन्होंने आगे एक अन्य पोस्ट में बताया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ शिंकानसेन ट्रेन से सेंडाई पहुंचे।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पर लिखा, "सेंडाई पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री इशिबा के साथ शिंकानसेन से इस शहर की यात्रा की।"

टोक्यो में औपचारिक स्वागत के बाद दोनों नेता भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। मुलाकातों में रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, डिजिटल प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कौशल विकास और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

यह प्रधानमंत्री मोदी की 8वीं जापान यात्रा है, जो दोनों देशों के बीच गहरी होती साझेदारी का संकेत है। मोदी ने पिछली बार मई 2023 में जापान का दौरा किया था। इसके अलावा वे और पीएम इशिबा जी7 शिखर सम्मेलन (जून 2025, कनाडा) और आसियान-भारत शिखर सम्मेलन (2024, वियतनाम) में भी मिल चुके हैं।

जापान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी चीन जाएंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की 25वीं राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे।