अमेरिका में यात्री जेट और सेना के हेलीकॉप्टर की टक्कर, अब तक 19 शव बरामद
- Post By Admin on Jan 30 2025

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी के पास बुधवार देर रात एक दुखद विमान हादसा हुआ। जिसमें एक यात्री विमान अमेरिकी सेना के ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों विमान पोटोमैक नदी में गिर गए। अब तक 19 शव बरामद किए जा चुके हैं।
अमेरिकन एयरलाइंस की सहायक कंपनी पीएसए एयरलाइंस द्वारा संचालित बॉम्बार्डियर क्षेत्रीय जेट विमान, फ्लाइट संख्या 5342, कैन्सस के विचिटा से वॉशिंगटन डीसी के रीगन नेशनल एयरपोर्ट की ओर आ रहा था। विमान में 60 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे।
स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे लैंडिंग से ठीक पहले विमान की हवा में अमेरिकी सेना के सिकोरस्की यूएच-60 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर से टक्कर हो गई। जिसमें तीन सैनिक सवार थे।
टक्कर के बाद, दोनों विमान आग की लपटों में घिर गए और पोटोमैक नदी में गिर गए। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं ने बचाव अभियान शुरू किया।
पोटोमैक नदी में दुर्घटना स्थल पर दर्जनों अग्निशमन कर्मी और गोताखोर खोज और बचाव कार्य में जुटे हैं।अब तक नदी से 19 शव बरामद किए जा चुके हैं और बचाव अभियान अभी भी जारी है।
अमेरिकन एयरलाइंस ने एक बयान में कहा, "हमारी प्राथमिक चिंता विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा है। हम अधिकारियों के साथ मिलकर आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रयासों में सहयोग कर रहे हैं।"
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें इस दुर्घटना के बारे में पूरी जानकारी दी गई है और वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।