क्रैन्स-मोंटाना में नए साल पर हादसा, बार में धमाके से कई की मौत और घायल
- Post By Admin on Jan 01 2026
स्विट्जरलैंड : नए साल के जश्न के बीच स्विट्जरलैंड से एक भयावह घटना की खबर आई है। दक्षिण-पश्चिमी स्विट्जरलैंड के क्रैन्स-मोंटाना के मशहूर अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में स्थित बार ले कॉन्स्टेलेशन में गुरुवार रात करीब 1:30 बजे धमाका हुआ। इस हादसे में कई लोग मारे गए और कई गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस प्रवक्ता गेटन लैथियन ने बताया कि धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हादसे के समय बार में 100 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है।
घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आए, जिनमें बार से उठते धुएं का भारी गुबार देखा जा सकता है। पुलिस ने सुरक्षा और बचाव के लिए क्रैन्स-मोंटाना के ऊपर नो-फ्लाई जोन लागू कर दिया है। धमाका बार के बेसमेंट में हुआ, जिसकी कुल क्षमता लगभग 400 लोगों की है।
क्रैन्स-मोंटाना यूरोप के हाई-एंड हॉलिडे रिसॉर्ट्स में शामिल है और समुद्र तल से 1,500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह जगह सेलिब्रिटीज और पर्यटकों के बीच स्काई डाइविंग, गोल्फ और अन्य मनोरंजन गतिविधियों के लिए लोकप्रिय है।
स्विस पुलिस और क्षेत्रीय अभियोजक घटना की जांच कर रहे हैं। अमेरिका के मीडिया के अनुसार, मरने वालों और घायलों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है। घटना के कारण और विस्तृत जानकारी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की जाएगी।